मुंगेर बस स्टैंड पर मंगलवार को पॉकेटमारी की घटना के बाद लोगों ने एक शातिर जेबकतरे को रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी ने झांसा देकर एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी की जेब से पांच हजार रुपये नकद और रेलवे का पास निकाल लिया था. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
गंदगी साफ कराने के बहाने दिया झांसा
जानकारी के अनुसार कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर गली नंबर-7 निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी लाला कृष्ण किंकर प्रसाद अपनी पत्नी के साथ पूर्णिया से मुंगेर बस स्टैंड पहुंचे थे. इसी दौरान एक युवक उनके पीछे-पीछे चलने लगा और शर्ट के पीछे गंदगी लगी होने की बात कहकर उसे साफ कराने का बहाना बनाया. बातचीत में उलझाकर उसने उनकी जेब से पांच हजार रुपये नकद और रेलवे का पास निकाल लिया.
युवक की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी
घटना के दौरान पास में मौजूद एक युवक को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. उसने तुरंत उसे पकड़ लिया और शोर मचा दिया. शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी को दबोच लिया. इसके बाद उसे कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
बिहार और पश्चिम बंगाल के आधार कार्ड मिले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह निवासी मोहम्मद फारूक के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच के दौरान उसके पास से बिहार और पश्चिम बंगाल के आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं.
संगठित गिरोह से जुड़े होने की जांच
कोतवाली थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित पॉकेटमार गिरोह का सदस्य है या अकेले वारदातों को अंजाम देता था. पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
