कविता, कहानी सुनाओ, चित्रकला, गायन व नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिखेरे हुनर के रंग मुंगेर. इंडोर स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय मुंगेर पुस्तक मेले के तीसरे दिन शुक्रवार को बच्चों, युवाओं और साहित्य प्रेमियों के नाम रहा. समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली, पुस्तक मेला समिति व प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन (प्राण), रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पुस्तक मेले में शुक्रवार को रचनात्मक प्रतियोगिताओं, काव्य पाठ और पुस्तकों के प्रति पाठकों के उत्साह ने पूरे परिसर को जीवंत बना दिया. पुस्तक मेले में आयोजित कविता पाठ, कहानी सुनाओ, चित्रकला, गायन व नृत्य प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से प्रकृति, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों को आकर्षक ढंग से उकेरा. वहीं गायन और नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला, आत्मविश्वास और ऊर्जा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. प्रतियोगिताओं के दौरान अभिभावकों, शिक्षकों और पुस्तक प्रेमियों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद रही. इधर, पुस्तक मेले में रामचरितमानस, महाभारत और भारतीय संविधान पर आधारित 40 से अधिक पुस्तकें पाठकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. चंद्र भूषण, स्थानीय संयोजक दिव्या शर्मा ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुस्कार देकर सम्मानित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम आयोजित कवि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा सहित स्थानीय कवि भाग लेंगे.
मुंगेर पुस्तक मेले में बच्चों व युवाओं पर केंद्रित कार्यक्रमों की रही धूम
मुंगेर पुस्तक मेले में बच्चों व युवाओं पर केंद्रित कार्यक्रमों की रही धूम
