असरगंज (मुंगेर) हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट
Road Accident: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए. चाफा गांव के समीप यात्रियों से भरा ऑटो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया. सूचना मिलते ही असरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
बाइक सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सुल्तानगंज से यात्रियों को लेकर असरगंज की ओर आ रहा था. चाफा गांव के पास अचानक सामने आए तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए.
तीन घायलों को किया गया मायागंज रेफर
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रियंका कुमारी ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय भुवनेश्वर यादव, 35 वर्षीय सुमन कुमारी और शाहिदा खातून को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया. चिकित्सक के अनुसार भुवनेश्वर यादव का पैर टूट गया है, जबकि सुमन कुमारी और शाहिदा खातून के सिर में गंभीर चोट लगी है.
अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
Road Accident: हादसे में शाहकुंड के भीखनपुर निवासी 18 वर्षीय मीनाक्षी कुमारी, शाहाबाद (सुल्तानगंज) निवासी 20 वर्षीय जुली कुमारी तथा कपसोना निवासी 20 वर्षीय स्वाति प्रिया भी घायल हुई हैं. इनका इलाज असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया.
ऑटो जब्त, चालक की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर असरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है.
