मुख्यमंत्री को जान मारने की धमकी देने वाला गुजरात से गिरफ्तार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति को मुंगेर पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपित बांका जिले का रहने वाला, परिवार को छोड़ अहमदाबाद में रहकर चलाता था ट्रक

अहमदाबाद से आरोपित को लेकर लौट रही मुंगेर पुलिस, होगी गहन पूछताछ

मुंगेर. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति को मुंगेर पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया. जो बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के घरौंदा गांव का रहने वाला शेखर यादव है. वह पिछले डेढ़ वर्ष से अहमदाबाद में रहकर ट्रक चालने का काम करता था. गिरफ्तार आरोपित को मुंगेर पुलिस वापस मुंगेर लेकर आ रही है.

15 अप्रैल को ऑडियो क्लिप पर संग्रामपुर थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

सम्राट चौधरी ने जिस दिन 15 अप्रैल को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लिया था. उसी दिन संग्रामपुर थाना पुलिस को किसी व्यक्ति ने एक ऑडियो क्लिप उपलब्ध कराया. इसमें बात करने वाला एक व्यक्ति सम्राट चौधरी के खिलाफ अंधाधुंध अपशब्द इस्तेमाल कर रहा था. इतना ही नहीं वह व्यक्ति सम्राट चौधरी को जान से मारने की बात भी कह रहा था. पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि इसी ऑडियो क्लिप के आधार पर संग्रामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. यह प्राथमिकी वहां तैनात पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था.

बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र का रहने वाला है अभियुक्त

एसपी ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान व वैज्ञानिक जांच के दौरान ऑडियो में बोल रहे व्यक्ति की पहचान की गयी. जो बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के घरोंदा गांव निवासी कृष्णनंदन यादव के पुत्र शेखर यादव है. पुलिस टीम जब बांका उसके घर पहुंची तो घर पर उसके माता-पिता, पत्नी व तीन बच्चे मिले. पत्नी बीमारी से ग्रसित है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह गुजरात के अहमदाबाद में रहकर ट्रक चालक का काम करता है. जो पिछले डेढ़ वर्ष से परिवार से अलग रह रहा है.

अहमदाबाद से पुलिस ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि अभियुक्त के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया गया तो पता चला कि वह गुजरात के अहमदाबाद जिले साणंद थाना में है. इसके बाद अहमदाबाद पुलिस से समन्वय स्थापित कर उसे हिरासत में लिया गया. पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है. एसपी ने बताया कि मुंगेर पुलिस गुजरात पहुंच चुकी है और उसे लेकर वापस मुंगेर आ रही है.

गिरफ्तार अभियुक्त ने कहा, आवेश में आकर दिया था गाली

एसपी ने कहा कि अभियुक्त पिछले डेढ़ साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था. उसके घर में बूढ़े माता-पिता, पत्नी (जो बीमार रहती है) और तीन बच्चे हैं. शेखर यादव पर बेलहर थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज हुआ था. पूछताछ में अभियुक्त ने दावा किया कि उस दिन उसे कुछ अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आ रहे थे, इससे उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया और आवेश में आकर ऐसी बातें कह दीं. एसपी ने कहा कि पुलिस इस मामले के सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और अभियुक्त को मुंगेर लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >