– महीनों से बंद पड़ी सुविधा, बुजुर्ग, महिला व दिव्यांग यात्रियों को हो रही परेशानी
मुंगेर.
मुंगेर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया लिफ्ट बंद पड़ा है. इससे बुजुर्ग, महिला व दिव्यांग यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.करोड़ों रुपये की लागत से स्टेशन के आधुनिकीकरण के दौरान लगाया गया लिफ्ट लंबे समय से संचालित नहीं हो रहा है. नतीजतन यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
यात्रियों ने बताया कि लिफ्ट चालू रहने से बड़ी राहत मिलती. उनका कहना है कि स्टेशन पर उपलब्ध करायी गयी आधुनिक सुविधाओं के संचालन और रखरखाव पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है. प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन पर लिफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सुविधा का बंद रहना रेलवे प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है. यात्रियों ने मालदा रेल मंडल के अधिकारियों से लिफ्ट की शीघ्र मरम्मत कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.