जमालपुर के विकास को लेकर ललन सिंह का बड़ा भरोसा, इरिमी अपग्रेड से स्थानीय कारोबार को मिलेगा लाभ

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जमालपुर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जनसंवाद किया. उन्होंने इरिमी को अपग्रेड करने से स्थानीय कारोबारियों को होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला और विकास कार्यों के प्रति भरोसा जताया.

मुंगेर के सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार को नगर परिषद क्षेत्र जमालपुर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जन संवाद कर रहे हैं. इस दौरान जमालपुर के अलग-अलग 8 से 10 स्थानों पर उनके जन संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है. उनके साथ जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, एमएलसी लालमोहन गुप्ता, जमालपुर की मुख्य पार्षद पार्वती देवी, मुंगेर की मेयर कुमकुम देवी और जदयू जिला अध्यक्ष सौरभ निधि मौजूद हैं.

रामनगर पंचायत में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

केंद्रीय मंत्री का काफिला सबसे पहले रामनगर पंचायत पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान लोगों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखा और उनके समाधान की मांग की.

यमला काली मंदिर तक रास्ता और पानी की मांग

इसके बाद केंद्रीय मंत्री का काफिला मुंगरौड़ा चौक स्थित दुर्गा स्थान परिसर पहुंचा. यहां दीपक कुमार गुप्ता की अगुवाई में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग रखी. साथ ही काली पहाड़ी की चोटी पर स्थित महाभारत कालीन माता यमला काली मंदिर तक पहुंचने के लिए रास्ता और पीने के पानी की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई.

वार्ड 16 में लोगों ने रखी स्थानीय समस्याएं

इसके बाद केंद्रीय मंत्री वार्ड संख्या 16 पहुंचे. यहां वार्ड पार्षद राजू पासवान के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा और उनके निराकरण की मांग की.

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने रखी 9 सूत्री मांग

केंद्रीय मंत्री का काफिला इसके बाद धर्मशाला रोड स्थित सिद्धिविनायक भवन पहुंचा, जहां चेंबर ऑफ कॉमर्स शाखा जमालपुर के नेतृत्व में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ. केंद्रीय मंत्री के पहुंचते ही उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया और जोरदार नारेबाजी कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता चेंबर के सचिव गिरधर शंघई ने की.

स्वागत भाषण और संचालन करते हुए चेंबर अध्यक्ष वासुदेव पुरी ने जमालपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर 9 सूत्री मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी. केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया.

बिजली व्यवस्था में बदलाव का किया जिक्र

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि वर्ष 2009 में जब वह मुंगेर से लोकसभा चुनाव के लिए जमालपुर पहुंचे थे, तब शहर की प्रत्येक दुकान में जनरेटर लगा हुआ था, क्योंकि बिजली की समस्या थी. आज किसी भी दुकान में जनरेटर नहीं है और लोगों को पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल रही है.

इरिमी अपग्रेड होने से स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा लाभ

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान (इरिमी) को अपग्रेड किया गया है. यहां पूरे देश के छात्र और युवा प्रशिक्षण के लिए पहुंचेंगे, जिसका लाभ स्थानीय बाजार के व्यवसायियों को भी मिलेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि चेंबर की विभिन्न मांगों को पूरा कराने के लिए वह अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >