हवेली खड़गपुर अनुमंडल में अब कानून-व्यवस्था की कमान नए एसडीपीओ अभय कुमार संभालेंगे. गृह विभाग की ओर से जारी पदस्थापन आदेश के तहत उन्हें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खड़गपुर, मुंगेर के पद पर पदस्थापित किया गया है. वर्तमान में वे पुलिस उपाधीक्षक, बीविसपु-13, दरभंगा में पदस्थापित हैं. उनके पदभार ग्रहण करने के बाद अनुमंडल में अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा.
अतिरिक्त प्रभार से अब नियमित एसडीपीओ की तैनाती
हवेली खड़गपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार फिलहाल मुंगेर सदर के ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन के पास था. अब गृह विभाग की ओर से नये एसडीपीओ की पदस्थापना के बाद अनुमंडल को नियमित पुलिस पदाधिकारी मिल गया है.
नए एसडीपीओ के सामने क्षेत्र की भौगोलिक और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को समझते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी.
जंगल और पहाड़ के बीच पुलिसिंग बड़ी चुनौती
हवेली खड़गपुर अनुमंडल का बड़ा हिस्सा जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है. पूर्व में यह क्षेत्र नक्सल गतिविधियों को लेकर भी संवेदनशील रहा है. ऐसे में दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाना नए एसडीपीओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.
इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, अवैध शराब कारोबार पर रोक और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना भी प्राथमिकता में रहेगा. पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय कायम कर सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी जरूरी होगा.
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में बढ़ेगी जिम्मेदारी
खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है.
वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाए रखना नए एसडीपीओ के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी. बड़े आयोजनों और विशेष कार्यक्रमों के दौरान पुलिस बल की तैनाती से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक पर विशेष नजर रखनी होगी.
अपराध पर अंकुश और भरोसेमंद पुलिसिंग पर नजर
नए एसडीपीओ के सामने क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ पुलिसिंग को जन-केंद्रित बनाने की भी चुनौती होगी. ग्रामीण और दुर्गम इलाकों तक पुलिस की पहुंच मजबूत करना, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्ती और सूचना तंत्र को सक्रिय रखना कानून-व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा.
अब लोगों की नजर नए एसडीपीओ के पदभार ग्रहण करने और क्षेत्र में पुलिसिंग को लेकर उठाये जाने वाले कदमों पर रहेगी. खासकर अपराध नियंत्रण, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी रणनीति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
