जमालपुर . रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्लीपिंग पॉड्स का निर्माण किया जाएगा. पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है. इसके लिए स्टेशन परिसर स्थित पुरानी खानपान भवन को चिन्हित किया गया है, जहां यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था विकसित की जाएगी.
जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
रेल अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थानीय अधिकारियों को चिन्हित भवन की मापी कर विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा.
यात्रियों को मिलेगी आधुनिक आवास सुविधा
मालदा और भागलपुर रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर जमालपुर में भी स्लीपिंग पॉड्स विकसित किए जाएंगे. यहां अपर पॉड, लोअर पॉड और प्राइवेट रूम की सुविधा उपलब्ध होगी. प्रत्येक पॉड में आरामदायक बिस्तर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, लॉकर, वेंटिलेशन और लाइट की व्यवस्था रहेगी. पूरा परिसर वातानुकूलित होगा तथा यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इससे ट्रेन बदलने वाले या लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
क्या कहते हैं डीआरएम
मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि जमालपुर एक महत्वपूर्ण ग्रेड-ए रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री आते हैं. उन्होंने कहा कि स्लीपिंग पॉड्स की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक विश्राम सुविधा उपलब्ध होगी.
ALSO READ : उद्घाटन से पहले ही मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन में आई दरार, 3792 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर जांच के आदेश जारी
