Jamalpur Railway News: मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट — जमालपुर रेल क्षेत्र में रेलवे की फ्लड एलइडी लाइट चोरी करने वाले गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है. लोको शेड के निकट स्थित न्यू पिट लाइन क्षेत्र से लगातार हो रही चोरी के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई रेलवे फ्लड एलइडी लाइट भी बरामद की है. इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन पोस्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
लगातार गायब हो रही थीं रेलवे की LED लाइटें
जानकारी के अनुसार जमालपुर के लोको शेड के पास स्थित न्यू पिट लाइन क्षेत्र में रेल कर्मचारियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने हाई पावर फ्लड एलइडी लाइटें लगाई थीं.
लेकिन पिछले कुछ समय से यहां लगातार लाइट चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. बताया जा रहा है कि अब तक करीब चार दर्जन से अधिक फ्लड एलइडी लाइट चोरी हो चुकी थीं.
लगातार हो रही चोरी से रेलवे प्रशासन भी परेशान था.
सीआईबी और RPF ने मिलकर बिछाया जाल
रेलवे के सीआईबी पोस्ट इंचार्ज इंस्पेक्टर एसके सुधा ने इस मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल को दी. इसके बाद संयुक्त टीम बनाकर पूरे इलाके में निगरानी बढ़ाई गई.
जांच के दौरान पुलिस को चोरी और खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह की जानकारी मिली. इसके बाद कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की रेलवे फ्लड एलइडी लाइट बरामद हुई है.
रेलवे संपत्ति की खरीद-बिक्री का भी खुलासा
जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी चोरी की गई रेलवे सामग्री को बेचने का काम करते थे.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से रेलवे संपत्ति की चोरी की जा रही थी.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं.
आरपीएफ एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन पोस्ट में आरोपियों के खिलाफ आरपी यूपी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
