जमालपुर रेल इंजन कारखाना का टर्नओवर ₹1197 करोड़ पहुंचा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CWM ने फहराया तिरंगा, स्क्रैप बिक्री में बनाया नया रिकॉर्ड

एशिया के जमालपुर रेल कारखाने ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर 1197 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल कर नया कीर्तिमान रचा. स्क्रैप बिक्री में भी 123.48 करोड़ रुपये के साथ पिछला रिकॉर्ड तोड़ा. कारखाने ने वैगन पीओएच और उत्पादन क्षमता में भी अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है.

एशिया के ऐतिहासिक रेल इंजन कारखाना जमालपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया. मुख्य समारोह में मुख्य कारखाना प्रबंधक (CWM) विनय प्रसाद वर्णवाल ने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके उपरांत उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एनसीसी कैडेट्स और भारत स्काउट एंड गाइड के जवानों की भव्य परेड का निरीक्षण कर सलामी ली. अपने संबोधन में उन्होंने कारखाने की ऐतिहासिक उपलब्धियों और वित्तीय प्रगति का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया.

वित्तीय वर्ष में ₹1197 करोड़ का टर्नओवर, स्क्रैप बिक्री में रचा इतिहास

मुख्य कारखाना प्रबंधक विनय प्रसाद वर्णवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जमालपुर रेल कारखाने ने 1197 करोड़ रुपये का शानदार टर्नओवर दर्ज किया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.53 प्रतिशत अधिक है.

इसके साथ ही कारखाने ने वित्तीय वर्ष के दौरान 123.48 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री कर अब तक का नया कीर्तिमान स्थापित किया है. यह पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले 8 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है.

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा में 164 गौरवशाली वर्ष पूरे कर चुका यह कारखाना आज भी भारतीय रेल की तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और उत्पादन शक्ति को मजबूती प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है.

वैगन पीओएच और उत्पादन में तोड़े पुराने रिकॉर्ड

उत्पादन क्षमता का उल्लेख करते हुए सीडब्लूएम ने बताया कि जुलाई 2026 में 645 के मासिक लक्ष्य के मुकाबले रिकॉर्ड 760 वैगनों का पीओएच (POH) किया गया, जो एक माह में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है.

इसके अतिरिक्त कारखाने को पहली बार मिले 8-डब्ल्यू डीईटीसी कार पीओएच कार्यभार के तहत दो कारों का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है.

विगत महीनों में 90 एफएनपी वैगन, 1200 बॉक्स एनएचएल वैगन और 400 वीभीसीएम वैगनों के निर्माण आदेश को समय पर पूरा किया गया. वहीं अप्रैल 2026 में 25 टन क्षमता वाले 60 जमालपुर जैक का रिकॉर्ड उत्पादन भी दर्ज किया गया.

रेलवे सुरक्षा बल का परेड

₹317 करोड़ के नए वैगन निर्माण ऑर्डर, सौर ऊर्जा से भारी बचत

कारखाने की बेहतरीन कार्यकुशलता को देखते हुए रेलवे बोर्ड से 236 करोड़ रुपये की लागत के 495 एफएमपी वैगन और 81 करोड़ रुपये के 200 वीभीसीएम वैगन निर्माण के नए कार्यादेश प्राप्त हुए हैं.

पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा की दिशा में मई 2026 में 306 किलोवाट और 195 किलोवाट के नए रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए.

इसके साथ ही कारखाने की कुल स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता 4.2 मेगावाट हो गई है. यह संयंत्र प्रतिवर्ष 65 लाख यूनिट बिजली पैदा कर लगभग 1.56 करोड़ रुपये के राजस्व की वार्षिक बचत करा रहा है.

210 कैमरों से निगरानी और कर्मियों का कल्याण

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए गेट संख्या 6 के समीप आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके जरिए वर्कशॉप और रेलवे कॉलोनी के 210 कैमरों की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है.

मानव संसाधन प्रबंधन के तहत 1181 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई, 29 रेल आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति मिली, 29 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ दिया गया और आरआरबी के जरिए 198 नए अभ्यर्थियों की बहाली की गई.

उत्कृष्ट कार्यों के लिए जमालपुर स्काउट एंड गाइड को पूर्व रेलवे महाप्रबंधक द्वारा गोल्ड मेडल और 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला, जबकि राजभाषा के बेहतरीन प्रयोग के लिए 19 मार्च 2026 को कारखाने को प्रतिष्ठित 'राजभाषा शील्ड' से सम्मानित किया गया.

उपस्थित रेल अधिकारी | Prabhat Khabar Network

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अधिकारियों की उपस्थिति

समारोह के दौरान पूर्व रेलवे इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.

कार्यक्रम का कुशल संचालन कल्याण निरीक्षक सुमन कुमार ने किया.

इस अवसर पर पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष अनीता वर्णवाल, कारखाना कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सहित कारखाने के वरिष्ठ अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं और आरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >