जमालपुर में 4 महीने से अधूरी पड़ी सड़क से लोगों की बढ़ी परेशानी, उड़ती धूल से नाराज वार्ड 35 के निवासी

Jamalpur News: जमालपुर के वार्ड संख्या 35 में सड़क निर्माण कार्य चार महीने से अधूरा पड़ा है. सड़क पर बिछी मोरंग से उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. स्थानीय लोगों ने जल्द काम पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

जमालपुर (मुंगेर) से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Jamalpur News: नगर परिषद जमालपुर के वार्ड संख्या 35 स्थित नया टोला, केशवपुर और जहांगीरा सड़क का निर्माण कार्य पिछले चार महीने से अधूरा पड़ा हुआ है. सड़क पर मोरंग बिछाने के बाद निर्माण एजेंसी ने काम रोक दिया, जिससे हजारों लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. सड़क से उड़ने वाली लाल धूल स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है और अब क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ने लगा है.

हजारों लोगों की आवाजाही वाली सड़क बनी परेशानी का कारण

नया टोला-केशवपुर-जहांगीरा सड़क जमालपुर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है. इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. खासकर रेल इंजन कारखाना जमालपुर में कार्यरत सैकड़ों रेलकर्मी इसी रास्ते से कारखाना गेट संख्या एक तक पहुंचते हैं और ड्यूटी पूरी कर वापस लौटते हैं.

यही सड़क पूर्व रेलवे मुख्य अस्पताल जमालपुर जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी प्रमुख मार्ग है. इसके अलावा रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं, जिससे मोरंग और धूल का गुबार पूरे इलाके में फैल रहा है.

घरों तक पहुंच रही धूल, स्वास्थ्य पर भी असर का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बिछी मोरंग से लगातार धूल उड़ रही है. यह धूल आसपास के घरों में पहुंच रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी रोगियों के लिए स्थिति और अधिक गंभीर बनती जा रही है.

लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण पिछले चार महीनों से उन्हें इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है.

फुलका-जमालपुर सड़क बन गई, लेकिन यहां काम अधूरा

स्थानीय लोगों और पूर्व पार्षद अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि जहांगीरा सड़क का निर्माण कार्य करीब चार महीने पहले शुरू हुआ था. इसके बाद फुलका-जमालपुर सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ और वह लगभग एक माह पहले पूरा भी हो गया. इसके बावजूद जहांगीरा सड़क का पीचिंग कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है.

उनका कहना है कि संवेदक की लापरवाही और मनमानी के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र काम शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र में सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन की स्थिति बन सकती है.

Also Read: टाल क्षेत्र में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री! STF की रेड में बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >