जमालपुर में ट्यूशन पढ़ने निकला 10वीं का छात्र लापता, गंगा किनारे मिली चप्पल और मोबाइल

जमालपुर से ट्यूशन पढ़ने निकले 10वीं के छात्र शिवम कुमार के लापता होने से हड़कंप मच गया है. गंगा किनारे उसकी चप्पल और मोबाइल मिलने के बाद परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Missing Student: जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी नगर निगम कर्मी बीरेंद्र बिंद का 16 वर्षीय पुत्र एवं संत माइकल स्कूल का दसवीं का छात्र शिवम कुमार बुधवार शाम ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार को गंगा किनारे मिले सुरागों के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने खोज अभियान शुरू कर दिया.

ट्यूशन से लौटने के बाद फिर निकला था घर से

परिजनों के अनुसार शिवम प्रतिदिन की तरह ओलीपुर रोड स्थित ट्यूशन पढ़कर घर लौटा था. इसके बाद बुधवार शाम करीब 7 बजे दोबारा घर से निकला. रात 9 बजे तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया.

परिजनों का आरोप, पुलिस ने देर से की कार्रवाई

Missing Student: पिता बीरेंद्र बिंद का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और केवल मोबाइल की लोकेशन बताकर खुद तलाश करने को कहा. पूरी रात परिजन मोबाइल लोकेशन के आधार पर बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर घाट सहित कई स्थानों पर खोजबीन करते रहे.

प्रेम प्रसंग और कहासुनी की बात आई सामने

गुरुवार सुबह लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ट्यूशन में पढ़ने वाली एक युवती और तीन छात्रों से पूछताछ की. पूछताछ में जानकारी मिली कि शिवम और युवती के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था तथा बुधवार को ट्यूशन के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.

गंगा किनारे मिली चप्पल और मोबाइल

इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु स्थित पुलिस पिकेट में शिवम का मोबाइल मिला. पुलिस के अनुसार मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति ने मोबाइल पिकेट पर जमा कराया था. बाद में पाया संख्या-9 के पास तलाशी के दौरान शिवम की चप्पल भी बरामद हुई. इसके बाद एसडीआरएफ, गोताखोरों और स्थानीय पुलिस ने गंगा में व्यापक खोज अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शिवम का कोई पता नहीं चल सका.

अपहरण और हत्या की आशंका जता रहे परिजन

बीरेंद्र बिंद ने आरोप लगाया कि बेटे के प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के स्वजनों ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी और शव गंगा में फेंक दिया. उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिस बुधवार रात को ही सक्रियता दिखाती तो बेटे की बरामदगी संभव हो सकती थी.

डीएम और एसपी से लगाई गुहार

तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे स्थान पर रहे शिवम के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है. गुरुवार को पिता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर पुत्र की शीघ्र बरामदगी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और छात्र की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास जारी है.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Birendra kumar sing

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >