फरक्का एक्सप्रेस से विदेशी शराब की खेप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

जमालपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने फरक्का एक्सप्रेस से एक शराब तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा. आरोपी के बैग से विदेशी शराब और बियर के 36 केन बरामद हुए हैं. आगे की कार्रवाई के लिए उसे उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है.

RPF Action: मुंगेर जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा ने रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से विदेशी शराब की कई बोतलें और बियर के 36 केन बरामद किए गए हैं. आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को मद्य निषेध एवं उत्पाद थाना, मुंगेर को सौंप दिया गया.

फरक्का एक्सप्रेस से उतरते ही हुआ संदेह

जानकारी के अनुसार सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा अपने अधीनस्थ जवानों के साथ जमालपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर रात्रि गश्त कर रहे थे. इसी दौरान 15733 अप बालूरघाट-बठिंडा फरक्का एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची. ट्रेन के एस-7 कोच से एक व्यक्ति पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में उतरा और तेजी से स्टेशन के एग्जिट गेट की ओर बढ़ने लगा.

पीछा कर दबोचा गया आरोपी

RPF Action: जब अधिकारियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह प्लेटफार्म संख्या-4 की ओर भागने लगा. जवानों ने पीछा कर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के समीप उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर निवासी भीष्म यादव के पुत्र राहुल कुमार के रूप में बतायी.

बैग से बरामद हुई विदेशी शराब

तलाशी के दौरान आरोपी के ट्रॉली बैग से हॉवर्ड 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बियर के 36 केन बरामद किए गए. वहीं पिट्ठू बैग से 750 एमएल की एक बोतल सुपर सेलेक्ट रम, 750 एमएल की एक बोतल मैजिक मोमेंट रीमिक्स लेमन फ्लेवर्ड वोडका तथा 750 एमएल की एक बोतल मैजिक मोमेंट रीमिक्स ऑरेंज फ्लेवर वोडका बरामद हुई.

उत्पाद विभाग को सौंपा गया आरोपी

सीआईबी और आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर आरोपी राहुल कुमार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मद्य निषेध एवं उत्पाद थाना, मुंगेर के हवाले कर दिया. मामले में उत्पाद विभाग द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >