जमालपुर को मिल सकती है बड़ी सौगात, हावड़ा सुपर एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस जल्द हो सकता है शुरू

मुंगेर के जमालपुर में रेलवे के एक महत्वपूर्ण निरीक्षण ने हलचल मचा दी है. पूर्व रेलवे मुख्यालय के मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर ने नवनिर्मित कोचिंग डिपो का जायजा लिया. यह निरीक्षण हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस के प्राइमरी मेंटेनेंस को जमालपुर स्थानांतरित करने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है.

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Railway News: मुंगेर जिले के जमालपुर में रेलवे को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिली. पूर्व रेलवे मुख्यालय कोलकाता के मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (कोचिंग) गौरव कुमार सिंह मंगलवार को जमालपुर पहुंचे और यहां नवनिर्मित कोचिंग डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया. हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन रेलवे सूत्रों के अनुसार निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य हावड़ा-जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के प्राइमरी मेंटेनेंस की संभावनाओं का आकलन करना था.

कोचिंग डिपो की हर व्यवस्था का लिया जायजा

मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर मंगलवार सुबह 13071 अप हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस से जमालपुर पहुंचे. ईस्ट कॉलोनी स्थित ऑफिसर्स क्लब में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने लोको शेड के निकट बने नए कोचिंग डिपो का निरीक्षण किया. इस दौरान बिजली, पानी, रैंप, कर्मचारियों के लिए बनाए गए फुटपाथ तथा ट्रेनों के प्राइमरी मेंटेनेंस से जुड़े उपकरणों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की.

निरीक्षण रिपोर्ट पर टिकी बड़ी उम्मीद

रेलवे सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया जाएगा कि जमालपुर कोचिंग डिपो में हावड़ा-जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस शुरू किया जाए या नहीं. यदि मंजूरी मिलती है तो यह जमालपुर रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि होगी.

भागलपुर डिपो का भी किया जाएगा निरीक्षण

जानकारी के अनुसार जमालपुर का निरीक्षण पूरा करने के बाद मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर वंदे भारत ट्रेन से भागलपुर रवाना होंगे. वहां भी कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार करेंगे. इसके बाद देर शाम 13072 डाउन जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस से कोलकाता लौटकर दोनों डिपो की संयुक्त रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपेंगे.

जमालपुर रेलवे को मिल सकती है नई पहचान

Railway News: फिलहाल हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस हावड़ा में किया जाता है. यदि यह कार्य जमालपुर स्थानांतरित होता है तो इससे स्थानीय रेलवे ढांचे को मजबूती मिलेगी. साथ ही तकनीकी गतिविधियां बढ़ेंगी और रेलवे कर्मचारियों के लिए भी नई संभावनाएं पैदा होंगी.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >