संग्रामपुर. प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न बैंकों के खाताधारकों के खातों से अवैध तरीके से पैसे की निकासी का सिलसिला लगातार जारी है. ऐसे में उपभोक्ता दहशत में हैं. उपभोक्ताओं को रुपये निकासी की जानकारी मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद होती है. इससे वे घबरा जा रहे हैं. एक बार में खातों से न्यूनतम पांच हजार रुपये से लेकर अधिकतम 10 हजार रुपये तक की राशि निकासी की गयी है. इस प्रकार के संग्रामपुर में अबतक कुल चार मामले आये हैं.
यूको बैंक, संग्रामपुर शाखा के खाताधारक नवगांई गांव निवासी प्रफुल्ल कुमार सिंह के खाते से 4 अप्रैल, 5 अप्रैल और 6 अप्रैल को लगातार तीन दिनों में 10-10 हजार रुपये यानी तीस हजार रुपये की अवैध निकासी की गयी. मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद वे तुरंत बैंक पहुंचे और आवेदन देकर अपने खाते को फ्रीज कराया. इसी तरह संग्रामपुर बाजार निवासी संजय कुमार साह, महेश प्रसाद सिंह तथा ओमप्रकाश सिंह के खातों से भी 4 अप्रैल को 10-10 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी. वहीं प्रखंड क्षेत्र के मौजमपुर निवासी अशोक मंडल के यूनियन बैंक शाखा गनैली स्थित खाते से भी 5 अप्रैल को 10 हजार रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. लगातार हो रही इन घटनाओं से न केवल पीड़ित खाताधारक सदमे में हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र के अन्य खाताधारकों में भी भय का माहौल देखा जा रहा है. लोग इसे साइबर ठगी के नए तरीके से जोड़कर देख रहे हैं.खातों से अवैध निकासी का सिलसिला जारी, खाताधारकों में दहशत
उपभोक्ताओं को मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद होती है रुपये निकासी की जानकारी
