रक्षाबंधन पर सफियाबाद चौक में महाजाम से हाहाकार, राखी बांधने निकली बहनें डेढ़ घंटे तक फंसीं

रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर सफियाबाद चौक पर लगे भीषण जाम ने खुशियों को फीका कर दिया. रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण बहनों और भाइयों को डेढ़ घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे यात्रा परेशानी में बदल गई.

रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए घरों से निकली बहनों के सामने सफियाबाद चौक पर ऐसा जाम लगा कि खुशियों का सफर परेशानी में बदल गया. रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद सफियाबाद चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया और देखते ही देखते महाजाम की स्थिति बन गयी. करीब एक घंटे से अधिक समय तक लोग जाम में फंसे रहे. तेज धूप और उमस के बीच छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रही महिलाओं की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गयी.

ट्रेन गुजरने के लिए बंद हुआ क्रॉसिंग, सड़क पर थम गये वाहन

बताया गया कि सफियाबाद चौक पर रेलवे लेवल क्रॉसिंग से ट्रेन गुजरने के कारण गेट बंद कर दिया गया था. इसके बाद क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. वहीं, एनएच-80 को जमालपुर-मुंगेर मुख्य सड़क क्रॉस करती है, जिससे चौक पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया.

मुंगेर से जमालपुर और जमालपुर से मुंगेर जाने वाले वाहन भी जाम में फंस गये. स्थिति ऐसी हो गयी कि कई वाहन चालक न तो आगे बढ़ पा रहे थे और न ही पीछे हटने की स्थिति में थे.

ऑटो-ई-रिक्शा की मनमानी ने बढ़ायी मुश्किल

जाम के बीच कुछ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से स्थिति और बिगड़ गयी. वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग भी पूरी तरह जाम हो गया. सफियाबाद चौक से नौलखा तक और दूसरी ओर जमालपुर के पावर सप्लाई सब स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार देखी गयी.

बच्चों के साथ सफर कर रहीं महिलाएं हुईं परेशान

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भाइयों के घर जा रही थीं. जाम में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण तेज धूप और उमस ने उनकी परेशानी बढ़ा दी. चौपहिया वाहनों में बैठे यात्री भी गर्मी से अकुलाते रहे, जबकि दोपहिया और ई-रिक्शा सवार लोगों की स्थिति भी खराब रही.

जाम की जानकारी मिलने के बाद कई लोगों ने वैकल्पिक रास्ते का सहारा लिया. कुछ वाहन चालक इंदरुख के रास्ते एनएच पार कर बिंदवाड़ा की ओर निकल गये.

पुलिस की मशक्कत के बाद मिली राहत

स्थानीय लोगों का कहना था कि त्योहार के दिन संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए सफियाबाद चौक पर पहले से यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो इतनी लंबी जाम की स्थिति नहीं बनती. चौक पर ही सफिया सराय थाना होने के बावजूद लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा.

बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद यातायात को नियंत्रित किया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

सफियाबाद थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि त्योहार के कारण सड़क पर वाहनों की संख्या काफी बढ़ गयी थी, जिसके चलते जाम की स्थिति बनी. उन्होंने बताया कि करीब पौन घंटे तक जाम रहा. हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार कई यात्रियों को इससे अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >