जमालपुर. जुबली वेल चौक के सौंदर्यीकरण को लेकर जल्द ही जुबली बेल चौक पर के सभी होर्डिंग, पोस्टर और बैनर को हटा दिया जाएगा. यहां नगर परिषद विज्ञापन के लिए एलसीडी लगाएगा.
बताया गया कि जुबली वेल चौक को आकर्षक और सुंदर बनाने में नगर परिषद प्रशासन जुट गया है. जुबली वेल चौक पर वर्तमान में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के होर्डिंग-पोस्टर लगे हैं. इसके कारण इसकी खूबसूरती पर सीधे-सीधे असर पड़ता है. होर्डिंग-पोस्टर के लिए नगर परिषद ने अब नए मापदंड तैयार किया है. इसके तहत जुबली बेल चौक पर एक बड़ी एलसीडी टीवी लगायी जाएगी. कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम ने बताया कि यहां 16 फीट लंबी और 12 फीट चौड़ी एलसीडी मशीन लगायी जायेगी. इसमें कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपने संस्थान या दल का विज्ञापन दे सकते हैं. विज्ञापन का रेट तय किया जा रहा है. यहां सड़कों की चौड़ाई बढ़ायी जा रही है, ताकि इस व्यस्ततम चौक पर वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को कोई परेशानी न हो.जुबली वेल चौक की होगी अलग पहचान
मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने कहा कि हमने अपने चुनाव के वक्त शहरवासियों से जो वादे किये थे. उन वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है. इसी सिलसिले में जुबली वेल चौक का भी कायाकल्प किया जाएगा. जमालपुर शहर की हृदयस्थली के रूप में इस चौक को जाना जाता है. इसकी अलग पहचान होगी. शहर वासियों को इस व्यस्ततम चौक पर कुछ अलग ही एहसास होगा. उन्होंने कहा कि शहर के तमाम वार्ड में विकास कार्य जारी है. शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है. ऐसे में शहर वासी जमालपुर शहर को स्वच्छ स्वस्थ और ग्रीन शहर बनाने में नगर परिषद को सहयोग करें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
