असरगंज. मध्य विद्यालय सजुआ के प्रधानाध्यापक प्रदीक कुमार सिंह को मुर्गा पार्टी करना और विरोध करने पर छात्र की पिटाई करना महंगा पड़ गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव ने न सिर्फ प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है, बल्कि उनके खिलाफ प्रपत्र क गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा निकाले गये आदेश में कहा गया है कि विद्यालय में अवैध तरीके से मुर्गा पार्टी आयोजित की गयी. इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि धूमिल की गयी है. आरोप है कि जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो प्रधानाध्यापक ने एक छात्र के साथ मारपीट कर उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरें, वीडियो फुटेज और अन्य दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है. जांच रिपोर्ट के अनुसार, घायल छात्र आयुष कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिसकी चिकित्सीय रिपोर्ट भी विभाग को सौंपी गयी है. प्रधानाध्यापक का यह आचरण शिक्षक मर्यादा और विभागीय नियमावली के प्रावधानों के विपरीत है. इस मामले में पहले डीईओ कार्यालय ने पहले स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन के बाद प्रधानाध्यापक का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय टेटिया बंबर किया है. वहीं संचालित विभागीय कार्रवाई में गठित आरोप पत्र के संचालन के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सोनी कुमारी एवं असरगंज प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार को नियुक्त किया गया है. विभागीय जांच के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी.
मुर्गा पार्टी का विरोध करने वाले छात्र की पिटाई करने के मामले में एचएम निलंबित, प्रपत्र क गठित
मध्य विद्यालय सजुआ के प्रधानाध्यापक प्रदीक कुमार सिंह को मुर्गा पार्टी करना और विरोध करने पर छात्र की पिटाई करना महंगा पड़ गया.
