बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, काजवे पुलिया पर छह फीट पानी, आठ घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति

हवेली खड़गपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, काजवे पुलिया पर छह फीट पानी और आठ घंटे बिजली गुल। किसानों के लिए बारिश बनी वरदान।

हवेली खड़गपुर(मुंगेर). रविवार की देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह जलजमाव एवं कीचड़ की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं दूसरी ओर लंबे समय से धान की बुआई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे. कृषि जानकारों का मानना है कि यह बारिश धान की खेती के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी. लगातार बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई. रविवार रात करीब 1:45 बजे से सोमवार सुबह 10:20 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही.


बारिश के कारण आठ घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति


लगभग आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में हाथ के पंखे के सहारे और करवटें बदलते रात गुजारनी पड़ी. बारिश से प्रखंड क्षेत्र की नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया. मणि नदी उफान पर है. नदी का जलस्तर बढ़ने से नगर के सद्भावना घाट स्थित मुरली मनोहर मंदिर से नंदलाल बोस चौक के बीच बने काजवे पुलिया पर करीब छह फीट पानी बहने लगा. जिससे यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. यह रास्ता वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाता था. लेकिन इसके बंद होने से लोगों को मुख्य बाजार होकर आवागमन करना पड़ रहा है.


लगातार बारिश से क्षेत्र की कई नदियां उफान पर


लगातार बारिश से प्रखंड क्षेत्र की डंगरी नदी, महाने, खर्रा, जोकिया, गुहिया, बुढ़िया नदी समेत अन्य नदियां उफान पर है. प्रशासन ने लोगों से उफनाई नदियों और जलमग्न रास्तों से दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने की अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

ALSO READ छात्रों को कंप्यूटर की शिक्षा देने वाले पीजी बायोइंफॉरमेटिक्स विभाग में पढ़ाई बंद, रीजनल स्टडी सेंटर भी विवि प्रशासन की लापरवाही का शिकार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >