मुंगेर
मुंगेर के पूर्व विधायक प्रणव कुमार यादव को भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने के बाद मुंगेर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए गौरव की बात बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है. भाजपा नेताओं और समर्थकों ने कहा कि प्रणव कुमार यादव लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करते रहे हैं. उनके अनुभव और संगठन क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया है. कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके प्रदेश उपाध्यक्ष बनने से मुंगेर सहित पूरे क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी.गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तत्कालीन विधायक प्रणव कुमार यादव का टिकट काट दिया था. उनकी जगह पार्टी ने कुमार प्रणय को उम्मीदवार बनाया था. इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद समर्थकों में नई ऊर्जा देखी जा रही है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया. प्रदेश उपाध्यक्ष बनाये जाने पर भाजपा नेता सुवोध वर्मा, दीपक कुमार यादव, अविनाश कुमार नन्हें, सुमेधा आर्या, अंजु भारद्वाज सहित अनेका नेताओं ने उन्हें बधाई दी है.
