पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह तीन प्रमुख ट्रेनें काफी विलंब से चल रही थीं. बालूरघाट से बठिंडा जाने वाली 15733 अप फरक्का एक्सप्रेस करीब 12 घंटे से अधिक विलंबित थी. वहीं कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल करीब तीन घंटे और दानापुर से साहिबगंज जाने वाली 13236 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक देर से चल रही थी. ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है.
12 घंटे से अधिक लेट चल रही फरक्का एक्सप्रेस
बालूरघाट से बठिंडा जाने वाली 15733 अप फरक्का एक्सप्रेस का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय मध्य रात्रि 12:35 बजे है. लेकिन शुक्रवार सुबह 8 बजे तक यह ट्रेन न्यू फरक्का जंक्शन भी क्रॉस नहीं कर सकी थी. न्यू फरक्का से जमालपुर की दूरी करीब 200 किलोमीटर है.
बताया गया कि इस दूरी के बीच ट्रेन करीब 10 अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर भी रुकती है. ऐसे में ट्रेन के पूर्वाह्न 11 बजे के बाद ही जमालपुर पहुंचने की संभावना जतायी गयी. निर्धारित समय से करीब 12 घंटे से अधिक की देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई.
ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब तीन घंटे विलंबित
कामाख्या जंक्शन से दिल्ली जंक्शन जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल भी शुक्रवार सुबह करीब तीन घंटे विलंब से चल रही थी. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे है. लेकिन सुबह 8 बजे तक यह ट्रेन न्यू फरक्का जंक्शन नहीं पहुंच पायी थी.
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के दोपहर 12 बजे से पहले जमालपुर पहुंचने की संभावना नहीं थी. ब्रह्मपुत्र मेल के विलंब से चलने के कारण इससे यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इंतजार करना पड़ा.
इंटरसिटी एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक लेट
दानापुर से साहिबगंज जाने वाली 13236 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस भी शुक्रवार सुबह निर्धारित समय से एक घंटा 14 मिनट विलंब से चल रही थी. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का समय सुबह 10:10 बजे निर्धारित है. लेकिन देरी के कारण ट्रेन के सुबह 11 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना बतायी गयी.
लगातार तीन ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों की परेशानी बढ़ी रही. खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन के सही समय पर नहीं पहुंचने से आगे की यात्रा को लेकर भी चिंता बनी रही.
