मुंगेर. मुंगेर के भाजपा विधायक कुमार प्रणय द्वारा रविवार को मोगलबाजार में एनडीए गठबंधन कार्यकर्ताओं के लिये होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें भाजपा और जदयू के कई बड़े नेता शामिल हुये. इस दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं में जहां गजब का उत्साह देखने को मिला, बल्कि होली मिलन समारोह में रंग केवल सिर्फ गालों पर नहीं, बल्कि राजनीति के मैदान में भी गहराता दिखा. होली मिलन समारोह में गुलाल के बादलों के बीच एकजुटता की एक नई तस्वीर उभर कर सामने आई. सफेद कुर्ते-पाजामे और अबीर से सराबोर हो चुके कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर था. एकजुटता का संकल्प देते हुये विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जैसे होली के अलग-अलग रंग मिलकर एक खूबसूरत समां बांधते हैं. वैसे ही एनडीए के सभी घटक दल एक होकर विकास का रंग घोलेंगे. स्थानीय कलाकारों ने जब ””””जोगिरा सारा रारा”””” की तान छेड़ी तो कार्यकर्ता खुद को थिरकने से रोक नहीं पाये. जमालपुर के जदयू विधायक नचिकेता मंडल ने कहा कि मुंगेर की इस होली ने यह साफ कर दिया है कि कार्यकर्ता न सिर्फ त्योहार मनाने के लिए तैयार हैं, बल्कि अपने लक्ष्य के प्रति भी पूरी तरह समर्पित हैं. इस दौरान जदयू के नये जिलाध्यक्ष सौरभ निधि भी होली मिलन समारोह में पहुंचे. जहां मुंगेर व जमालपुर के विधायक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अबीर लगाकर उनका स्वागत किया. मौके पर भाजपा नेता शंभू शरण राय, अजफर शमशी, हम के नेता निलेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
विधायक के होली मिलन समारोह में दिखा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह
मुंगेर के भाजपा विधायक कुमार प्रणय द्वारा रविवार को मोगलबाजार में एनडीए गठबंधन कार्यकर्ताओं के लिये होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया
