कुरियर की आड़ में शराब व प्रतिबंधित कफ सिरप का चल रहा बड़ा कारोबार
कुरियर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, दो गिरफ्तार
प्रभात फॉलोअप
– पिकअप से बरामद हुआ था 180 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप व 27.540 लीटर विदेशी शराब
मुंगेर
कुरियर सेवा की आड़ में प्रतिबंधित शराब और कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार मुंगेर में धड्ल्ले से संचालित हो रहा है. इसका खुलासा उत्पाद विभाग की छापेमारी में हुआ. उत्पाद विभाग ने गुस्वार को कुरियर वाहन से ही प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप व विदेशी शराब किया था. साथ ही दर्ज प्राथमिकी में भी कुरियर संचालक को नामजद किया गया है. जो अब तक फरार चल रहा है. उत्पाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
कुरियर कंपनी के नाम कार्टून में मिला था विदेशी शराब
उत्पाद थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने शहर के आजाद चौक स्थित किताब गली से पिकअप वाहन संख्या बीआर08जी- 3634 से ऑफिसर चॉइस ब्रांड के 180 एमएल वाले 153 टेट्रा पैक भी बरामद किए गए थे. जिसकी कुल मात्रा 27.540 लीटर बताई गई थी. जब इसको लेकर उत्पाद थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई तो उसमें एक नाम ऐसा आया जो कुरियर संचालक है. जब पुलिस ने वाहन से वाहन शराब से भरी कार्टून उतारी तो सभी दंग रह गये. क्योंकि उससे 153 पीस टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुआ था. कार्टून पर डेली एक्सप्रेस कुरियर एंड कार्गो प्रालि और मोहन वर्मा का नाम लिखा था. गिरफ्तार वाहन मालिक राम विनय सिंह ने बताया कि वह कई बार इनके कुरियर का पॉकेट लाया है. लेकिन उसमें क्या था उसे पता नहीं था.
पटना से आ रही प्रतिबंधित कफ सिरप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद कफ सिरप प्रतिबंधित श्रेणी में आता है और इसका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है. बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद शराब तस्कर अब नए-नए तरीकों से अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं. उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन से 15 कार्टन अवैध कफ सिरप बरामद किया था. प्रत्येक कार्टन में 100 एमएल की 120 बोतलें पैक थीं. इस प्रकार कुल 180 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप जब्त की गयी थी. हालांकि इन कार्टूनों पर किसी का नाम अंकित नहीं था. जिससे संभावना व्यक्त की जा रही है, कि वाहन मालिक, चालक व अन्य मिलकर पटना से प्रतिबंधित कफ सिरप लाकर मुंगेर में खपाता है.
कुरियर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, दो गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार लोगों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक वार्ड संख्या-12 निवासी प्रवेश कुमार तथा शीतलपुर वार्ड संख्या-2 निवासी राम विनय सिंह शामिल थे. जिसे जेल भेज दिया गया था. वहीं वाहन चालक हरदियाबाद निवासी जुनियर कुमार पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया था. इस मामले में जब प्राथमिकी दर्ज की गयी तो उसमें वाहन मालिक राम विनय सिंह, खलासी प्रवेश कुमार, चालक जुनियर कुमार के साथ ही कुरियर संचालक मोहन वर्मा को नामजद किया गया है. अब उत्पाद पुलिस कुरियर संचालक व चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
उत्पाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन से शराब व कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ था. जिसमें चार लोगों को नामजद किया गया है. जिसमें कुरियर संचालक भी शामिल है. पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है. फरार कुरियर संचालक व चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.