Munger News : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रिश्तेदार और मुंगेर जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह कल्लू के पुत्र की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज का एक मानवीय चेहरा सामने आया है. जिलाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से बीमार युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए अपनी ही सरकारी गाड़ी उपलब्ध करा दी. जानकारी के अनुसार, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह कल्लू के पुत्र को आज अचानक सांस लेने में गंभीर समस्या होने लगी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार तो किया, लेकिन युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत बेगूसराय रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे. जब उन्होंने देखा कि एंबुलेंस या अन्य वाहन की व्यवस्था में समय लग सकता है और मरीज की हालत बिगड़ रही है, तो उन्होंने बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी (डीएम वाहन) को ही एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल करने का निर्देश दिया. मरीज को तुरंत उनकी गाड़ी से बेगूसराय भेजा गया. इसके बाद जिलाधिकारी खुद स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम के वाहन से वापस लौटे.
Munger News: डीएम ने मरीज की जान बचाने के लिए अपनी सरकारी गाड़ी सौंपी
डीएम ने मरीज की जान बचाने के लिए अपनी सरकारी गाड़ी सौंपी
