जमालपुर. मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के जमालपुर-किऊल रेलखंड पर गुरुवार की शाम रेलवे ट्रैक में जर्क का आभास होने के बाद रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन को एहतियातन रोक दिया गया. धरहरा और मसूदन रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 372/33 और 372/35 के बीच लोको पायलट को ट्रेन में जर्क महसूस हुआ. सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन को तत्काल रोककर रेलवे ट्रैक का गहन निरीक्षण कराया गया. जांच में ट्रैक दुरुस्त मिलने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया.
53403 अप पैसेंजर को अचानक रोकना पड़ा
मामला 53403 अप रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन से जुड़ा है. गुरुवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 16:20 बजे के बजाय करीब 47 मिनट की देरी से 17:07 बजे जमालपुर पहुंची थी. जमालपुर से ट्रेन 17:11 बजे रवाना हुई और 17:31 बजे धरहरा रेलवे स्टेशन को पार किया.
धरहरा से आगे किलोमीटर संख्या 372/33 और 372/35 के बीच पहुंचने पर लोको पायलट को ट्रेन में जर्क का आभास हुआ. रेल पटरी में किसी तरह की खराबी की आशंका को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी.
अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में मचा हड़कंप
चलती ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. सुरक्षा कारणों से ट्रेन को आगे बढ़ाने के बजाय रेलवे अधिकारियों को सूचना देकर ट्रैक की जांच कराने का निर्णय लिया गया. इधर, रामपुरहाट-गया पैसेंजर के पीछे दुमका से पटना जा रही 13333 अप दुमका-पटना एक्सप्रेस भी आ रही थी. एहतियात के तौर पर इस ट्रेन को धरहरा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया.
बारिश के कारण ट्रैक धंसने की भी हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे. रेलवे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया गया. बारिश के कारण ट्रैक के धंसने अथवा किसी अन्य तकनीकी समस्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की गयी. निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली. सब कुछ सामान्य और दुरुस्त पाये जाने के बाद अधिकारियों ने 53403 अप पैसेंजर ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दी.
27 मिनट तक घटनास्थल पर रुकी रही पैसेंजर
ट्रैक की जांच और सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी होने तक रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन घटनास्थल पर करीब 27 मिनट तक रुकी रही. इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया और वह 18:05 बजे मसूदन रेलवे स्टेशन पहुंची. वहीं, दुमका-पटना एक्सप्रेस भी धरहरा रेलवे स्टेशन पर करीब 42 मिनट तक रुकी रही. ट्रैक सुरक्षित मिलने और दोनों ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली.
सुरक्षा जांच के बाद सामान्य हुआ परिचालन
रेलवे अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. ट्रैक की जांच के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से शुरू कराया गया. बारिश के मौसम में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर विभागीय स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है.
