हवेली खड़गपुर. खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव निवासी 10 वर्षीय बालक वीर सिंह की हत्या का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. बालक की हत्या में शामिल हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए शनिवार को एसयूसीआईं कम्युनिस्ट पार्टी ने खड़गपुर में विरोध प्रदर्शन किया. विरोध प्रदर्शन झील पथ से निकलकर नंदलाल बोस चौक, एकता पार्क होते हुए अंबेडकर चौक पहुंच सभा में तब्दील हो गया.
सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआइ के प्रखंड प्रभारी रमन सिंह ने कहा कि खंडबिहार गांव से लापता 10 वर्षीय बालक वीर सिंह का कंकाल कुएं से बरामद किया गया है. जिस तरह से वीर सिंह को अगवा कर हत्या की गयी और उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया. वह घृणित अपराध की श्रेणी में आता है. पुलिस प्रशासन ऐसे अपराधियों को दृष्टांत मूलक सजा दिलाए. ताकि समाज में यह नजीर पेश हो और दोबारा ऐसा अपराध करने से पहले उसे सोचना पड़े. उन्होंने कहा कि इस अपराध के तमाम साजिशकर्ता को तुरंत गिरफ्तार किया जाये. इसके लिए एसयूसीआइ हस्ताक्षर अभियान चलाकर न्यायालय में जमा करेगी. ताकि दोषियों को सजा मिल सके. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे भी लगाये. मौके पर गंगाराम पासवान, इंद्रदेव पासवान, गोविंद बेसरा, अर्जुन सोरेन, गणेश मांझी, रूपेश राय, हरिश्चंद्र तुरी, राम किस्कू, दरवेशर बिंद सहित अन्य मौजूद थे.बालक वीर के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग तेज
एसयूसीआइ ने किया प्रदर्शन
