अधिकारियों के अनुपस्थिति पर जतायी नाराजगी

पंचायत समिति की बैठक में विकास कार्यों पर लगी मुहर

असरगंज. पंचायत समिति की बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए बनायी गयी योजनाओं पर समिति सदस्यों ने मुहर लगायी और एक स्वर से इसे पारित भी किया. जबकि जीविका बीपीएम एवं विद्युत विभाग के कनीय अभियंता के उपस्थित नहीं रहने एवं कई योजनाओं के क्रियान्वित नहीं होने पर सदस्यों ने आपत्ति भी जतायी. शनिवार को प्रखंड कार्यालय के समीप दुग्ध उत्पादन केंद्र के सभागार में प्रखंड प्रमुख नूतन कुमारी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में उपप्रमुख संतोष शुक्ला एवं बीपीआरओ अमित कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे.

समिति सदस्य चंदन कुमार सिंह ने मध्य विद्यालय मकवा को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय बनाने की बात कही. बताया गया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत मकवा में प्रस्ताव पारित कर दिया गया है. उन्होंने धुरिया नया बदरखा में सामुदायिक भवन एवं जल मीनार बनाने की भी मांग रखी. वहीं पूजा कुमारी ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय यादव टोला ममई 16 सालों से भवनहीन है. वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय कुशवाहा टोला सजुआ के दो कमरे में संचालित हो रहा है. जबकि विद्यालय की दूरी ममई गांव से लगभग एक किलोमीटर है. इससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है.

विकसित भारत जी-राम जी से योजनाओं का संचालन नहीं होने से मजदूरों का हो रहा पलायन

विधायक प्रतिनिधि बृजेश सिंह ने कहा कि विकसित भारत जी-राम जी से योजनाओं का संचालन नहीं होने से मजदूरों का पलायन हो रहा है. समिति सदस्य उदय पासवान ने कहा कि कृषि कार्य के लिए विद्युत विभाग से कनेक्शन लेने के छह महीने के बाद भी पोल नहीं गाड़ा जा रहा है. नंदकिशोर यादव ने वार्ड नंबर 9 में अतिरिक्त जल मीनार एवं ग्रामीण क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की और श्रम कार्ड नहीं बनने पर नाराजगी जतायी. मौके पर राजस्व अधिकारी फैसल खान, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ परवेज अख्तर, कार्यक्रम पदाधिकारी मनोहर कुमार, कनीय अभियंता पीएचईडी खुशबू कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका आभा सिंह, पंसस शोभा कुमारी, मुखिया स्वाती, कासिम राजा, धर्मेंद्र मांझी, हसिया देवी मुख्य रूप से मौजूद थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >