बालक वीर के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग तेज

एसयूसीआइ ने किया प्रदर्शन

हवेली खड़गपुर. खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव निवासी 10 वर्षीय बालक वीर सिंह की हत्या का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. बालक की हत्या में शामिल हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए शनिवार को एसयूसीआईं कम्युनिस्ट पार्टी ने खड़गपुर में विरोध प्रदर्शन किया. विरोध प्रदर्शन झील पथ से निकलकर नंदलाल बोस चौक, एकता पार्क होते हुए अंबेडकर चौक पहुंच सभा में तब्दील हो गया.

सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआइ के प्रखंड प्रभारी रमन सिंह ने कहा कि खंडबिहार गांव से लापता 10 वर्षीय बालक वीर सिंह का कंकाल कुएं से बरामद किया गया है. जिस तरह से वीर सिंह को अगवा कर हत्या की गयी और उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया. वह घृणित अपराध की श्रेणी में आता है. पुलिस प्रशासन ऐसे अपराधियों को दृष्टांत मूलक सजा दिलाए. ताकि समाज में यह नजीर पेश हो और दोबारा ऐसा अपराध करने से पहले उसे सोचना पड़े. उन्होंने कहा कि इस अपराध के तमाम साजिशकर्ता को तुरंत गिरफ्तार किया जाये. इसके लिए एसयूसीआइ हस्ताक्षर अभियान चलाकर न्यायालय में जमा करेगी. ताकि दोषियों को सजा मिल सके. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे भी लगाये. मौके पर गंगाराम पासवान, इंद्रदेव पासवान, गोविंद बेसरा, अर्जुन सोरेन, गणेश मांझी, रूपेश राय, हरिश्चंद्र तुरी, राम किस्कू, दरवेशर बिंद सहित अन्य मौजूद थे.

मृतक बालक के परिजनों से मिले विधायक, न्याय का दिलाया भरोसा

हवेली खड़गपुर. खंडबिहारी निवासी मनीष कुमार सिंह के 10 वर्षीय पुत्र वीर सिंह की हत्या को लेकर जमालपुर के जदयू विधायक नचिकेता मंडल एवं जदयू के जिलाध्यक्ष सौरभ निधि शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. नेताओं ने वीर सिंह की मां एवं परिजनों को ढांढ़स बढाते हुए कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. विधायक ने कहा कि यह एक जघन्य अपराध है, जो किसी भी सूरत में माफी के योग्य नहीं है. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन से समन्वय कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करायी जाएगी. सौरभ निधि ने कहा कि वर्तमान सरकार अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है. इस मामले में जो भी अपराधी शामिल होंगे, उस पर कानूनी कार्रवाई होगी. मौके पर मुखिया राहुल कुमार, जितेंद्र बिंद, गौतम मंडल, ब्यास कुमार शर्मा, संजय झा, निक्कू सिंह एवं नीरज सिंह टप्पू सिंह आदि शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANAND KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >