खड़गपुर में पोखर से मिला युवक का सड़ा-गला शव, दुर्गंध से खुला राज; शिनाख्त में जुटी पुलिस

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पोखर से अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है. शव की दुर्गंध से स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के झील पथ स्थित बंगाली टोला के समीप सोमवार सुबह एक पोखर से अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव काफी पुराना बताया जा रहा है और पूरी तरह सड़-गल चुका था. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

झाड़ियों में फंसा मिला सड़ा-गला शव

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह कुछ लोग पोखर की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों के बीच फंसे एक शव पर पड़ी. शव की हालत बेहद खराब थी और उससे तेज दुर्गंध निकल रही थी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी.

शव की स्थिति को देखकर आशंका जतायी जा रही है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी. हालांकि युवक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है.

डायल 112 की टीम के साथ पहुंची पुलिस

पोखर में शव मिलने की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा डायल 112 की टीम और हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत कर शव को पोखर से बाहर निकलवाया.

शव काफी सड़-गल जाने के कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

गुमशुदगी के मामलों से मिलाया जा रहा रिकॉर्ड

अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर रही है. विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटायी जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके. इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

हवेली खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पोखर में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के बाद डायल 112 और स्थानीय पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. शव को पोखर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया है. शिनाख्त और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >