मॉडल अस्पताल में फरवरी के अंत तक शुरू होगा कैंसर मरीजों का डे-केयर सेंटर : सिविल सर्जन

होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर की ओर से यहां मानवबल और उपकरण कराया जायेगा उपलब्ध

विश्व कैंसर सप्ताह को लेकर जागरूकता रैली को किया रवाना

मुंगेर. जिले में कैंसर के मरीजों के लिए मॉडल अस्पताल के तीसरे तल पर जल्द ही कीमोथेरेपी की सुविधा मिलेगी. इसके लिए फरवरी के अंत तक यहां डे-केयर सेंटर शुरू किया जायेगा. इससे अब कैंसर मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना होगा. उक्त बातें सिविल सर्जन डॉ राजू ने गुरुवार को 4 से 11 फरवरी तक मनाये जा रहे विश्व कैंसर सप्ताह के तहत सदर अस्पताल से निकाली गयी जागरूकता रैली को रवाना करते हुए कही.

उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर की इकाई नवंबर 2022 से संचालित हो रही है. जहां वर्तमान में कैंसर मरीजों के लिए स्क्रीनिंग की सुविधा है. वहीं इस माह के अंत तक मॉडल अस्पताल में कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा मिलेगी. होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर की ओर से यहां मानवबल और उपकरण उपलब्ध कराया जायेगा. इससे कैंसर मरीजों को कीमो के लिए सुबह में भर्ती किया जायेगा और शाम को कीमोथेरेपी के बाद डिस्चार्ज भी कर दिया जायेगा. इधर जागरूकता रैली में शामिल एएनएम स्कूल की छात्राओं ने कैंसर व नशा के प्रति जागरूकता के नारे लगाये गये. जागरूकता रैली सदर अस्पताल से निकलकर एक नंबर ट्रैफिक तक गयी और वहां से वापस अस्पताल पहुंची.

इन्फ्यूजन कीमोथेरेपी की मिलेगी सुविधा

गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ के रंजन ने बताया कि मॉडल अस्पताल में आरंभ होने वाले डे-केयर सेंटर में कैंसर के मरीजों को इन्फ्यूजन कीमो की सुविधा मिलेगी. इस प्रक्रिया के तहत कैंसर मरीजों को दवा आइवी के माध्यम से दी जायेगी, जो कैंसर के फैलाव को कम करने में मदद करेगी. उन्होंने बताया कि जिले में सर्वाधिक मरीज ओरल कैंसर के हैं. इनकी कुल संख्या 35 है. वहीं सर्वाइकल कैंसर के कुल 14 मरीज व ब्रेस्ट कैंसर के कुल 9 मरीज जिले में हैं. मौके पर डीपीएम फैजान आलम अशरफी, नशा मुक्ति परामर्शी नीतिन कुमार, राखी कुमारी, उत्तम शर्मा मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >