पहले चरण का कार्य जून 2026 में करना है पूर्ण, दो साल में मात्र 30 प्रतिशत ही हो पाया है काम
मुंगेर. डकरा नाला पंप नहर परियोजना किसानों के लिए जीवनदायिनी है, लेकिन कार्य की धीमी रफ्तार परियोजना के समय पर पूरा करने में बाधक बनी हुई. दो साल में केवल 30 प्रतिशत काम ही अब तक हो सका है, जबकि जून 2026 में इस परियोजना के पहले चरण का कार्य पूर्ण करने का समय निर्धारित है, यानी किसानों को अपने खेतों में सिंचाई के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, डकरा नाला पंप नहर योजना के पहले चरण का कार्य जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसका काम पंप हाउस हेरूदियारा से मुख्य केनाल जमालपुर के शहरी क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर डीएवी स्कूल तक 7.6 किलोमीटर व हेरूदियारा से हेमजापुर तक 13 किलोमीटर उप मुख्य कैनाल (नहर ) का कार्य किया जा रहा है. विभाग ने बताया कि मुख्य केनाल में मिट्टी वर्क फरीदपुर जमालपुर की तरह 6.5 किलोमीटर और उप मुख्य केनाल हेमजापुर की तरफ चार किलोमीटर पूरा हो चुका है. जबकि मुख्य केनाल में डेढ़ किलोमीटर पीसीसी लाइनिंग का काम भी हो चुका है, लेकिन कार्य की रफ्तार काफी धीमी है. निर्माण करने वाले संवेदक अब तक मात्र 30 प्रतिशत ही काम पूरा कर सके हैं.
पंप स्टेशन में स्टॉल होंगे सात पंप, प्रति पंप छोड़ा जायेगा 63 क्यूसेक पानी
बताया गया कि डकरा नाला पंप नहर परियोजना को लेकर फरदा, इंदरुख और फरीदपुर में जल वितरण केंद्र बनाया गया है. यहां से जमालपुर प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में नहर का पानी पहुंचाया जायेगा. इसी सिलसिले में फरदा वितरण केंद्र से धरहरा के कुछ पंचायत में भी केनाल के माध्यम से पानी पहुंचाया जाना है. इसके लिए मुख्य व उप केनाल से पानी खेतों तक पहुंचेगा. इसके लिए 45 किलोमीटर के फ्रेश पाइप लाइन का नेटवर्क तैयार किया गया है. इससे 3284 हेक्टेयर में गंगा का पानी पहुंचा कर खेतों की सिंचाई की जायेगी. इस कार्य को बैजनाथ-फारोनिंग ज्वाइंट बेंचर (जेबी) जहानाबाद कंपनी को दिया गया है. हेरूदियारा दुर्गा मंदिर के पास पंप हाउस का निर्माण किया जायेगा. जहां गंगा का पानी सीधे केनाल के माध्यम से लाया जायेगा. यहां पर सात पंप स्टॉल करने के लिए चैंबर बनाया गया है. लेकिन प्रथम फेज के तहत यहां तीन पंप स्टॉल किया गया है. प्रति पंप 63 क्यूसेक पानी छोड़ा जायेगा.दूसरे फेज के लिए विभाग ने 250 करोड़ का बनाया डीपीआर
मुंगेर. डकरा नाला पंप नहर परियोजना का काम दो फेज में होना है. पहले फेज का काम चल रहा है, जबकि दूसरे फेज में फरीदपुर डीएवी स्कूल जमालपुर से लखीसराय जिले के कजरा तक नहर का जीर्णोद्धार कार्य होना है. इसको लेकर जल संसाधन विभाग गंगा पंप नहर प्रमंडल के अभियंताओं की टीम ने डीपीआर तैयार कर अगस्त 2025 में ही मुख्यालय को भेज दिया है. इसके तहत मुंगेर के जमालपुर से लखीसराय के कजरा तक 35 किलोमीटर में जीर्णोद्धार कार्य होना है. इस पर 250 करोड़ रुपया खर्च होगा. इससे मुंगेर व लखीसराय जिले के लगभग सात हजार हेक्टेयर खेतों में सिंचाई के लिए गंगा का पानी पहुंचाने का लक्ष्य है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यालय से अब तक डीपीआर को स्वीकृति प्रदान कर स्थानीय कार्यालय को नहीं भेजा गया है.वर्षों पहले ठप हो गयी थी डकरा नाला पंप नहर परियोजना
मुंगेर. डकरा नाला पंप नहर योजना बिहार के मुंगेर और लखीसराय जिलों के किसानों के लिए गंगा नदी के पानी से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की एक बहुप्रतीक्षित परियोजना है. यह मूल रूप से 1982 में लगभग 72 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई थी, लेकिन बाद में लागत बढ़कर 700 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी थी, लेकिन गंगा नदी की मुख्य धारा के परियोजना स्थल से दूर खिसकने के कारण जल की उपलब्धता नहीं हो सकी और इस योजना को सरकार ने बंद कर दिया था.कहते हैं कार्यपालक अभियंता
जल संसाधन विभाग गंगा पंप नहर प्रमंडल मुंगेर के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार भारती ने बताया कि डकरा नाला पंप नहर परियोजना का कार्य प्रगति पर है. प्रथम चरण के मिट्टी का वर्क और मुख्य नहर में पीसीसी लाइनिंग का काम चल रहा है. जून 2026 तक इसके निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है. अब तक 30 प्रतिशत कार्य हुआ है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
