विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखायी वैज्ञानिक प्रतिभा

सफल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

मुंगेर. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर शनिवार को शहर के विभिन्न स्कूलों में विज्ञान प्रदर्शनी सह गोष्ठी का आयोजन किया गया. विज्ञान सेवा समिति के सचिव ओम प्रकाश पंडित, सदस्य विजय प्रसाद, अजीत प्रसाद सिंह, ओम प्रकाश ठाकुर, खगेंद्र मोहन झा, विकास कुमार एवं कार्यालय सचिव दिनेश कुमार ने विभिन्न स्कूलों का भ्रमणकर छात्राओं का मनोबल बढ़ाया. इस दौरान बच्चों ने स्वयं तैयार कर आकर्षक मॉडल की प्रदर्शनी लगायी, जिसे देख अभिभावक, शिक्षकगण काफी प्रभावित हुए. सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. शिशु संस्कार भारती शेरपुर में प्रधानाध्यापिका कोमल राय के नेतृत्व में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. छात्रों द्वारा कुल 44 माॅडल का प्रदर्शन किया गया. इसमें आयुष कुमार का हाइड्रोलिक ब्रिज, कृष्ण मुरारी का जल विद्युत प्रबंधन, शिवानी का श्वसन क्रिया, मनीषा कुमारी का उत्प्लावन बल, रूही कुमारी का सूर्य एवं चंद्र ग्रहण, सृष्टि कुमारी का पवन चक्की और तन्नू कुमारी का यातायात समाधान शामिल था. जबकि शारदा विद्या मंदिर मंगल बाजार में विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ विश्वजीत अलंकार संस्कृत ने दीप प्रज्वलित कर किया. विद्यालय निदेशक राजेश कुमार के नेतृत्व में लगभग 125 विज्ञान मॉडल का प्रदर्शन छात्रों द्वारा किया गया. मुख्य रूप से आदर्शन एवं राजवीर का इलेक्ट्रिक जनरेटर, शिवानी, नंदिनी, निधि का वायु एवं जल प्रदूषण रोकथाम, अंश व मयंक का जल प्रबंधन शामिल थी. उत्कृष्ट मॉडल वाले सभी छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया. श्रीदुर्गा संस्था किशोर मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापिका अनिता कुमारी की अध्यक्षता में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. लगभग 20 मॉडल यहां प्रदर्शित किया गया. जिसमें स्नेहा एवं मो फरहान अख्तर का जल शुद्धिकरण, शिवानी कुमारी व मानव का ऑटोमेटिक गार्डन पटवन यंत्र, पीहू कुमारी व देवासी का किडनी मॉडल, नंदनी व राजलक्ष्मी का जल चक्र प्रबंधन, रौनक का ऑटोमेटिक स्ट्रीट लाइट, आरती व मोनिका का शुद्ध पर्यावरण मॉडल ने लोगों को खूब आकर्षित किया. वहीं मध्य विद्यालय, माधोपुर में प्रधानाध्यापक हिमांशु शेखर के नेतृत्व में विज्ञान मेला का आयोजन हुआ. इसमें नंदन श्लोक एवं उत्कर्ष ग्रीन स्मार्ट सिटी ग्रामीण क्षेत्र, रोहण राज का चंद्रयान-3, आर्यन राज का वायुमंडल की परत, मुन्ना कुमार का भूकंपरोधी यंत्र, विशाल कुमार का विद्युत धारा का रासायनिक प्रभाव प्रदर्शन उत्कृष्ट रही. इधर भाभा मिशन एकेडमी में निदेशक डॉ सौरभ बिरला के नेतृत्व में वैज्ञानिक सीवी रमन पर गोष्ठी का आयोजन किया गया. जबकि मध्य विद्यालय गुलजार पोखर में शिक्षक विनय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चित्रांकन सह भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कन्या मध्य विद्यालय विद्यालय, माधोपुर, रविंद्र नाथ टैगोर मध्य विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर लाल दरवाजा, आदर्श मध्य विद्यालय बेकापुर, मध्य विद्यालय चौक बाजार, मध्य विद्यालय बासुदेवपुर, कन्या मध्य विद्यालय बासुदेवपुर में भी विज्ञान मेला का आयोजन किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >