मुंगेर सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड में गुरुवार को दीपावली एवं छठ पूजा के पूर्व बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अशोक कुमार, प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह, प्राथमिक खंड की प्रभारी प्रधानाचार्या सुजीता कुमारी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया. विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति सचिव ने दीपावली एवं छठ के महत्व को बताते हुए कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का, वहीं छठ पर्व प्रकृति से जुड़ाव, श्रद्धा और सद्भावना का संदेश देता है. इस तरह के कार्यक्रम से छात्रों में धार्मिक निष्ठा की भावना जागृत होती है. प्रधानाचार्य ने कहा कि छठ पर्व की महिमा अपरंपार है. यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए मनाया जाता है. जिसमें व्रती निर्जला व्रत रख कर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं और समाज एवं देश के कल्याण के लिए प्रार्थना करते हैं. प्रभारी प्रधानाचार्या ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों को सभी त्योहारों के महत्व और परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है. इसके पूर्व बच्चों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अयोध्या आगमन पर उनके स्वागत में दीप जलाए एवं नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी. बाल-वाटिका के बच्चों ने फुलझड़ी जलाकर दीपावली मनायी. बच्चों ने छठ व्रत की महिमा को दर्शाते हुए पूजा-अर्चना की और छठी मईया के भजन गाये. जिससे सारा वातावरण भक्तिमय हो गया. नहाय-खाय से लेकर शाम और सुबह के अर्घ्य की पूरी प्रस्तुति बच्चों ने बहुत ही उल्लास पूर्वक किया. मौके पर आचार्य संजीव कुमार सिन्हा, शिक्षिका शिवांगी सिन्हा, शैली कुमारी, आरती कुमारी, कृति कुमारी, मनीष कुमार आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
