Munger News: मुंगेर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अंबरीश चंद्र सिंह उर्फ डिक्की सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 625वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में "समरसता संकल्प अभियान" चलाया जायेगा.
गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
अंबरीश चंद्र सिंह ने कहा कि गुरु रविदास किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के संत थे. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का "बेगमपुरा" दर्शन ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां दुख, पीड़ा और भेदभाव का कोई स्थान न हो. उनके अनुसार गुरु रविदास ने सदियों पहले मानव समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया था.
गुरु पूर्णिमा से होगी अभियान की शुरुआत
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर मंदिरों में "समरसता दीप महोत्सव" आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही कलश बंधन अभियान के तहत वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश गांव-गांव तक पहुंचाए जायेंगे.
निकलेगी समरसता यात्रा
भाजपा के अनुसार 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक "श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा" निकाली जाएगी. इस यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता और संत रविदास के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा.
नेताओं ने बताए गुरु रविदास के विचारों की प्रासंगिकता
अंबरीश चंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरु रविदास के जीवन को जातिवाद और छुआछूत के विरुद्ध समर्पित बताया है. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का संदेश "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के संकल्प को मजबूत करता है. इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि संत रविदास ने समाज के अंतिम व्यक्ति को आत्मसम्मान और गरिमा दिलाने का कार्य किया.
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
Munger News: प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष शंभू शरण राय, आनंद सिंह, पूर्व जिला महामंत्री अरुण कुमार सिंह, कार्यालय मंत्री विजय सिंह कुशवाहा, जिला मंत्री दीपक यादव, शशि शंकर प्रसाद सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे.
