Munger University BCA Practical Exam : मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा बीसीए के विभिन्न सत्रों की प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और वाइवा परीक्षा 28 जुलाई से शुरू की जा रही है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सत्र 2025-28 के बीसीए सेमेस्टर-1, सत्र 2024-27 के बीसीए सेमेस्टर-3 तथा सत्र 2023-26 के बीसीए सेमेस्टर-5 के विद्यार्थियों की परीक्षा 3 अगस्त तक आयोजित होगी.
आरडी एंड डीजे कॉलेज केंद्र पर इन कॉलेजों की परीक्षा
विश्वविद्यालय ने दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं. आरडी एंड डीजे कॉलेज केंद्र पर डीजे कॉलेज, बीआरएम कॉलेज, आरएस कॉलेज तारापुर तथा इंटरनेशनल कॉलेज घोसैठ के विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और वाइवा परीक्षा आयोजित की जाएगी.
आरडी कॉलेज शेखपुरा में इन छात्रों की होगी परीक्षा
दूसरे केंद्र के रूप में आरडी कॉलेज शेखपुरा को चयनित किया गया है. यहां आरडी कॉलेज शेखपुरा, एसकेआर कॉलेज बरबीघा और एसके कॉलेज लोहांडा के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी. विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
अनुपस्थित छात्रों को दोबारा मौका नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित केंद्र और तिथि पर परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए छात्रों को समय पर केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल होना होगा.
विशेष परिस्थिति में मिलेगी अनुमति
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार यदि किसी केंद्र पर संबंधित विषय की प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट या वाइवा परीक्षा आयोजित नहीं हो रही हो और छात्र के पास तर्कपूर्ण कारण हो, तो 500 रुपये प्रति पेपर दंड शुल्क के साथ परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जा सकती है.
छात्रों से तैयारी पूरी रखने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने कॉलेज से परीक्षा संबंधी सभी जानकारी प्राप्त कर लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित केंद्र पर समय से पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.
