मुंगेर
राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि सरकार गड़बड़ करने वाले थानेदार, बीडीओ व सीओ पर नजर बनाये हुए है और उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को मिलनी शुरू हो गयी है. समय का इंतजार किजिए एक-एक को अंदर डालूंगा. किसी को छोड़ने वाला नहीं हूं. वे रविवार को जिले के संग्रामपुर प्रखंड के रामपुर में राज्य के पहले मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.उन्होंने कहा कि मैं गृहमंत्री हूं और सबका इलाज भी करता हूं. जो थाने वाला गड़बड़ कर रहा, उसका सबकुछ मुझे पता है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन को कायम रखना और अपराध मुक्त बिहार बनाना उनकी प्राथमिकता है. इसके लिए सरकार ने यह व्यवस्था की है, कि थानेदार, बीडीओ व सीओ के कार्यों की गहन मॉनेटरिंग की जाय और इसकी रिपोर्ट मंगायी जा रही है. आने वाले समय में ऐसे सरकारी कर्मियों पर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली सीढी थाना व ब्लॉक है. जहां लोग अपनी समस्या को लेकर पहले पहुंचते हैं. इसलिए उन्हे समुचित न्याय और सहायता सुनिश्चित कराना जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि आज बिहार बदल रहा है. जिस समय बिहार से झारखंड अलग हुआ था, उस समय बिहार का बजट 6 हजार करोड़ था और आज बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ का है. सरकार ने युवाओं को कौशल युक्त बनाने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया है और हमारा लक्ष्य है एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराना.
सुलतानगंज में बनेगा डबल लेन एयरपोर्ट
सम्राट चौधरी ने कहा कि भागलपुर से लेकर बक्सर तक जो दक्षिण-पूर्व बिहार का इलाका है, उसे समृद्ध करने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य में दो बड़ा एयरपोर्ट बनाया जायेगा. सुलतानगंज एवं सोनपुर में हवाई अड्डा बनाने की दिशा में प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार में पटना हवाई अड्डा था और आज पूर्णिया व दरभंगा से हवाई जहाज उड़ाना भर रही है. उन्होंने बताया कि राज्य के भागलपुर, बेगुसराय, सहरसा एवं वीरपूर में फ्लाईंग स्कूल खोले जायेंगे, ताकि यहां के युवा हवाई जहाज चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
