विवादों में आइटीसी यूनियन का चुनाव
मुंगेर :आइटीसी टीएम वर्कर्स यूनियन के चुनाव का मामला विवादों में उलझता जा रहा है. यूनियन के अध्यक्ष प्रो अजफर शमशी के कथित हस्ताक्षर से यूनियन चुनाव का कार्यक्रम घोषित करते हुए चुनाव पर्यवेक्षक सह बेगूसराय के उपश्रमायुक्त को पत्र भेजा गया है. इस पत्र को यूनियन अध्यक्ष फर्जी करार दे रहे हैं. अध्यक्ष ने इस संदर्भ में कोतवाली थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराते हुए महामंत्री सुरेंद्र चौधरी पर जालसाजी का आरोप लगाया है. जबकि महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा है कि मंगलवार को मजदूरों के गेट मीटिंग के साथ ही यूनियन चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी.
आइटीसी यूनियन के अध्यक्ष प्रो अजफर शमशी ने यह कहते हुए चुनाव कराने से साफ इनकार कर दिया है कि चुनाव का मामला न्यायालय में लंबित है. लेकिन उनके ही हस्ताक्षर से 18 अप्रैल 2017 को एक पत्र बेगूसराय के श्रमायुक्त सह चुनाव पर्यवेक्षक को भेजा गया है. जिसमें चुनाव निष्पक्ष, साफ-सुथरा कराने का अनुरोध किया गया है. साथ ही उस पत्र में चुनाव संपन्न कराने के लिए महामंत्री सुरेंद्र चौधरी को प्रभारी तथा डीके सिंह को सहायक चुनाव प्रभारी बनाया गया है. इस संदर्भ में शमशी का कहना है कि उनका फर्जी हस्ताक्षर कर पूर्व महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने यह पत्र बनाया है. उन्होंने इस प्रकार का कोई पत्र उपश्रमायुक्त को नहीं भेजा है और न ही चुनाव कार्यक्रम का निर्धारण किया है. इसे लेकर वे कोतवाली थाने में अपनी रिपोर्ट भी दर्ज करायी है.
आज घोषित होगा चुनाव कार्यक्रम
पूर्व महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि अजफर शमशी टीएम वर्कर्स यूनियन के मजदूरों को धमकाने का काम कर रहे हैं तथा यूनियन के चुनाव में बार-बार बाधा उत्पन्न कर रहे. यूनियन के महामंत्री होने के नाते वे चुनाव प्रक्रिया को आरंभ करने के लिए मंगलवार को आइटीसी के समीप मजदूरों की गेट मिटिंग के साथ ही चुनाव कार्यक्रम के तारीखों की घोषणा करेंगे. वर्ष 2011 के बाद अबतक यूनियन का चुनाव नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है़ जबकि चुनाव मजदूरों का संवैधानिक अधिकार है़ उन्होंने अध्यक्ष अजफर शमशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2010 में उनके बॉडीगार्ड का हथियार व कारतूस चोरी हुई थी और उस मामले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने उन्हें संदेह के घेरे में पाया था.
चुनाव कार्यक्रम
तिथि कार्यक्रम
30 अप्रैल यूनियन की सदस्यता ग्रहण व नवीकरण
5 मई मतदाता सूची का प्रकाशन
6 मई मतदाता सूची में सुधार
8 मई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
10 मई अध्यक्ष पद का नामांकन
11 मई नामांकन की जांच
13 मई नामांकन की वापसी तथा चुनाव चिन्ह का आवंटन
23 मई मतदान (सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक)
