मुंगेर. शहर के नगर भवन के समीप स्थित ऐतिहासिक ‘बड़ा महावीर स्थान’ मंगलवार को एक बार फिर लोक आस्था का केंद्र बना रहा. सप्ताह का विशेष दिन होने के कारण अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में बजरंगबली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं. भक्तों ने रामभक्त हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना और चालीसा पाठ कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
आस्था और परंपरा का संगम है बड़ा महावीर स्थान
मुंगेर का बड़ा महावीर मंदिर प्राचीन काल से ही लोगों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक रहा है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, यूं तो यहाँ सालों भर भक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन प्रत्येक मंगलवार को विशेष श्रृंगार और आरती के कारण भीड़ काफी बढ़ जाती है. श्रद्धालु यहाँ मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की याचना करते हैं.
दुर्गा पूजा विसर्जन में है विशेष महत्व
इस मंदिर की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंगेर की विश्वप्रसिद्ध दुर्गा पूजा में इस स्थान की अहम भूमिका होती है. विसर्जन के दौरान माता की विदाई की अंतिम आरती इसी बड़ा महावीर स्थान पर आयोजित की जाती है. इस भव्य आरती के पश्चात ही मुंगेर की विसर्जन शोभा यात्रा संपन्न मानी जाती है.
