फुटकर विक्रेताओं ने एसडीओ आवास घेरा

हवेली खड़गपुर : अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विस्थापित हुए फुटपाथ दुकानदारों को स्थल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रविवार को फुटपाथ विक्रेताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी के आवास का घेराव किया. नेशनल हॉकर फेडरेशन के संयोजक सागर सुमन सिंह के नेतृत्व में घेराव कर रहे विक्रेताओं ने कहा कि फुटकर विक्रेता अधिनियम 2014 के […]

हवेली खड़गपुर : अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विस्थापित हुए फुटपाथ दुकानदारों को स्थल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रविवार को फुटपाथ विक्रेताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी के आवास का घेराव किया. नेशनल हॉकर फेडरेशन के संयोजक सागर सुमन सिंह के नेतृत्व में घेराव कर रहे विक्रेताओं ने कहा कि फुटकर विक्रेता अधिनियम 2014 के अंतर्गत दुकानदारों का सर्वेक्षण, निबंधन, पहचान पत्र एवं स्थायी जगह उपलब्ध कराना प्रशासन का दायित्व है. बाद में अनुमंडल पदाधिकारी ने आंदोलित विक्रेताओं के प्रतिनिधि से मिल कर वार्ता की.

फुटकर विक्रेताओं ने कहा कि मुख्य बाजार में कभी भी वेंडिंग जोन या नो वेंडिंग जोन का बोर्ड नहीं लगाया. अलबत्ता अनुमंडल प्रशासन सड़क किनारे दशकों से दुकान करने वाले फुटपाथ विक्रेताओं को एक झटके में भी उजाड़ दिया. जबकि दुकानदारों को रोजगार के लिए वेंडिंग जोन उपलब्ध कराना नगर पंचायत की जिम्मेदारी है. प्रतिनिधियों के सवाल पर अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार, अंचलाधिकारी पूर्णेंदु वर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद सिंह ने चुप्पी साध ली और आक्रोशित प्रतिनिधिमंडल को शांत कराने की कोशिश करते रहे.
अनुमंडल पदाधिकारी अपने आवास से बाहर निकले और फुटकर विक्रेताओं को समझाने-बुझाने का भरसक प्रयास किया. अंचलाधिकारी ने कहा कि अभी निकाय चुनाव है. इसलिए पूरा प्रशासनिक महकमा चुनावी प्रक्रिया में लगा है. सभी मामलों का धीरे-धीरे समाधान कर लिया जायेगा. तब तक हाट बाजार में फुटकर विक्रेता अपनी दुकान लगायें. घेराव करने वालों में फुटकर विक्रेता साहनी खातून, मो जावेद, मंटू कुमार, देवेंद्र कुमार सिंह, सूरज कुमार, मो. मुन्ना ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >