गुरुवार की देर शाम नौवागढ़ी बाजार बाजार में दो की संख्या में आये अपराधी ने पिस्टल दिखा कर दो दवा व्यवसायियों से रंगदारी मांगी. इस मामले में चार लोगों को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसके विरोध में शुक्रवार को व्यवसायियों ने एनएच 80 को जाम कर दिया. बाद में आरोपितों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. बाजार में बढ़ रहे अपराध व इसे रोकने में पुलिस की नाकामी से व्यवसायी दहशत में हैं.
मुंगेर : नौवागढ़ी बाजार में दो व्यवसायियों से अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखा कर दो-दो लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की है. भरी बाजार में अपराधियों के इस वारदात से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत व्याप्त हो गया है़ लगभग 50 की संख्या में व्यवसायियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय उच्च पथ- 80 मुंगेर- बरियारपुर मुख्य मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया़ किंतु नयारामनगर तथा मुफस्सिल थाना पुलिस वहां पहुंच गयी तथा व्यावसायियों को समझा- बुझा कर जाम हटा दिया़ इस मामले में व्यवसायियों के बयान पर 4 लोगों को नामजद किया गया है़ वर्ष 2013 में भी नौवागढ़ी बाजार के दवा व कपड़ा व्यावसायियों से अपराधी रवि पासवान ने रंगदारी मांगी गयी थी.
पिस्टल का भय दिखा कर की रंगदारी की मांग: गुरुवार की देर शाम नौवागढ़ी बाजार स्थित मेडिसीन सेटर के मालिक ऋषि रंजन के पास अपराधी रवि पासवान पहुंचा तथा दो लाख रुपये रंगदारी का मांग किया़ इसका विरोध करने पर अपराधी ने दवा दुकानदार को पिस्टल दिखाते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द रुपये का बंदोबस्त नहीं हुआ तो अंजाम काफी बुरा होगा़ इसके बाद अपराधी पास के ही एक रेडीमेड कपड़ा दुकान पर गया तथा दुकान के मालिक से भी दो लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा़ यह सारा वाकिया दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है़
मूक- दर्शक बने रहे व्यवसायी : जिस समय अपराधियों द्वारा व्यवसायी से रंगदारी की मांग की जा रही थी़ उस समय आस-पड़ोस के दर्जनों दुकानदार भी वहां पहुंच गये तथा सब कुछ होते देखते रहे़ किसी में इतनी भी हिम्मत नहीं थी कि वह अपराधी का विरोध कर सके़ अपराधी पिस्टल दिखा कर व्यावसायी से रंगदारी का मांग कर रहे थे और दर्जनों की संख्या में खड़े व्यवसायी चुपचाप तमाशा देखते रहे़
गिरफ्तारी की मांग कर किया रोड जाम: शुक्रवार की सुबह व्यवसायियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ- 80 मुंगेर- बरियारपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया़ इसकी सूचना मिलते ही नयारामनगर तथा मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी तथा व्यवसायियों को समझा- बुझा कर जाम हटा दिया़ पुलिस ने व्यवसायी के लिखित शिकायत पर चार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है़
एक अपराधी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ नयारामनगर थाना में कांड संख्या 62/17 दर्ज किया गया. त्वरित कार्रवाई करते हुए हलीमपुर गांव में छापेमारी करते हुए इंदल पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
आप नेता पर संरक्षण देने का आरोप
दवा व्यवसायी ने एक आप नेता पर अपराधी रवि पासवान को संरक्षण दिये जाने का आरोप लगाया गया है़
व्यवसायी का कहना है कि उनसे रंगदारी की मांग कर अपराधी आप नेता से मिलने गया तथा अपनी गाड़ी भी आप नेता के घर के समीप ही खड़ा किया था़ हालांकि आप नेता के पिता द्वारा उक्त व्यवसायी को बताया जा रहा था कि उनके पुत्र का इस मामले से कोई लेना देना नहीं है़ यदि उसका पुत्र दोषी होगा, तो वह किसी भी शर्त पर उसे नहीं बक्शेगा़
