मुंगेर : मुंगेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बेरोजगार आदिवासी युवकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए थाना स्तर पर चालक का प्रशिक्षण दिया गया. उन्हीं युवाओं का एसपी आशीष भारती के प्रयास से जिला परिवहन विभाग द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया गया. ऐसे युवकों के बीच एसपी कार्यालय में शनिवार को ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण किया गया. मौके पर एसपी आशीष भारती, एएसपी हरि शंकर कुमार व एएसपी अभियान राणा नवीन मौजूद थे.
एसपी ने बताया कि नक्सल प्रभावित धरहरा, हवेली खड़गपुर, शामपुर, गंगटा, टेटियाबंबर थाना क्षेत्र में पहाड़ की तराई में बसे बेरोजगार आदिवासी युवकों के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के तहत प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गयी, ताकि नक्सलियों के बहकावे में युवा नहीं आये और उन युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके. थाना स्तर पर गाड़ी व प्रशिक्षित चालक द्वारा उन युवाओं को ड्राइविंग के हर पहलुओं से अवगत कराया गया. डेढ़ माह में लगभग 30 से 40 युवकों को चालक का प्रशिक्षण दिया गया. कई युवा तो बाहर जाकर चालक की नौकरी भी करने लगे, जबकि प्रथम फेज में 10 युवाओं को परिवहन विभाग से ड्राइविंग लाइसेंस दिलाया गया.
