सफलता. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हवेली खड़गपुर से पकड़ा
कई कांडों में वांछित व वर्षों से फरार हार्डकाेर नक्सली अजय राय को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है. अजय वर्ष 2008 से ही नक्सली गतिविधियों में संलिप्त रहा है.
हवेली खड़गपुर : खड़गपुर पुलिस ने एसएसबी व एसटीएफ के सहयोग से शुक्रवार को हार्डकोर नक्सली अजय राय को जटातरी गांव से गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश शरण के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की है. पुलिस गिरफ्तार नक्सली से गहन पूछताछ कर रही. बताया जाता है कि अजय राय वर्षों से कई कांडों में फरार था और पुलिस सरगरमी से उसकी तलाश कर रही थी.
एएसपी अभियान राणा नवीन ने बताया कि जटातरी गांव निवासी विजय राय के पुत्र अजय राय पर खड़गपुर थाना में कांड संख्या 184/12 एवं कांड संख्या 189/12 दर्ज है. दर्ज कांड के आधार पर अजय पर रंगदारी मांगने एवं नक्सली गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप है.
गिरफ्तार अजय वर्ष 2008-09 में सक्रिय रूप से नक्सली गतिविधि में संलिप्त रहा था. लेकिन वर्ष 2012 में खड़गपुर थाना में मामला दर्ज होने के बाद वह पुलिस की नजर में आया. शुक्रवार की अहले सुबह खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश शरण को खड़गपुर झील के आसपास नक्सली गतिविधि की सूचना मिली और गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गयी तो जटातरी गांव से अजय को गिरफ्तार किया गया. एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान अजय से पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. इस अवसर पर डीएसपी सुरेंद्र कुमार, एसएसबी कमांडेंट परवेज असलम अंसारी, एसटीएफ इंस्पेक्टर डीएस कार्की मौजूद थे.
