सफलता. लगातार हो रही छिनतई से परेशान पुलिस हुई सक्रिय
पिछले पंद्रह दिनों में सात लोगों को अपराधियों ने बनाया निशाना, गैंग के सात सदस्यों की तलाश
मुंगेर : एक पखवारे से मोटरसाइकिल सवार उचक्कों द्वारा लगातार की जा रही छिनतई की घटना में मुंगेर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कामयाबी हासिल की. तारापुर पुलिस ने जनता के सहयोग से कटिहार जिले के कोढ़ा गैंग का एक सदस्य सागर कुमार यादव उर्फ निहाल को अपाची मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया. जबकि तीन अपराधी भागने में सफल रहा. इधर इस मामले में पुलिस ने पूरे गैंग का उद्भेदन कर लिया है और उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
तारापुर में पकड़ा गया अपराधी : पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया 15 दिनों से कोढ़ा गैंग के सदस्यों द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के बैंकों से रूपया निकालने वाले व्यक्ति के साथ पैसा छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने पूरी रणनीति बनायी थी.
इसी बीच सोमवार को तारापुर थाना क्षेत्र में बैंक से पैसा निकाल कर घर जा रहे एक व्यक्ति से तीन-चार युवकों ने पैसा छीन कर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान हल्ला होने पर स्थानीय लोगों ने भागते हुए एक युवक को दबोच लिया. जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया. पकड़ा गया युवक कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुरावगंज निवासी क्रांति यादव का पुत्र सागर कुमार यादव उर्फ नेहाल है. एसपी ने बताया कि सागर पहले भी छिनतई के मामले में मुंगेर में दो बार जेल जा चुका है. असरगंज एवं तारापुर पुलिस ने दो बार उसे पकड़ा था.
सदस्यों की हुई पहचान
गिरफ्तार सागर को जब विभिन्न छिनतई की घटना से संबंधित वीडियो फुटेज व फोटो ग्राफ दिखाया गया तो उसने सभी को पहचान लिया. सागर ने बताया कि यह सभी उसी के गैंग का है जो कोढ़ा जुरावगंज नयाटोला का रहने वाला है. उसके गिरोह में विशु यादव, रामचंद्र यादव, झक्कू यादव, सरस कुमार, विरजू यादव, झप्पू यादव एवं ललुआ उर्फ अस्तो शामिल है. इन्होंने कोतवाली थाना क्षेत्र में दो छिनतई की घटना को अंजाम दिया. जबकि तारापुर थाना क्षेत्र में दो,
कासिम बाजार में एक एवं बरियारपुर में एक घटना को अंजाम दिया. एसपी आशीष भारती ने बताया कि बैंकर्स की बैठक में कई बार शाखा प्रबंधकों को सचेत किया गया कि वे अपने-अपने शाखा को सीसीटीवी कैमरा से लैस रखे. कई लोग बैंकों में घंटों इधर-उधर घूमते रहते हैं. वैसे लोगों से पूछताछ करे अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें. उन्होंने बैंक प्रबंधकों से कहा कि अनजान लोगों के बारे में संबंधित थाना को आवश्यक सूचना दे.
