मुंगेर : पुरबसराय ओपी पुलिस द्वारा छिनतई के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिये गये दो युवकों को आखिरकार हंगामा के बाद देर रात छोड़ दिया गया. युवकों को पुलिस द्वारा पकड़े जाने से स्थिति विस्फोटक हो गयी थी और पथराव के बीच पुलिस ने बल प्रयोग भी किया. डीएम उदय कुमार सिंह व एसपी आशीष भारती देर रात तक वहां कैंप किये रहे और हिरासत में लिये गये युवकों को छोड़ने के बाद मामला शांत हुआ.
युवकों को छोड़ने के बाद थमा हंगामा
मुंगेर : पुरबसराय ओपी पुलिस द्वारा छिनतई के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिये गये दो युवकों को आखिरकार हंगामा के बाद देर रात छोड़ दिया गया. युवकों को पुलिस द्वारा पकड़े जाने से स्थिति विस्फोटक हो गयी थी और पथराव के बीच पुलिस ने बल प्रयोग भी किया. डीएम उदय कुमार सिंह […]

देर रात तक भीड़ ने किया हंगामा:
शहर के मुर्गियाचक निवासी मो चुन्नु व मो पप्पु को पुरसबराय ओपी पुलिस द्वारा शुक्रवार की देर शाम छिनतई के एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. जिसके विरोध में मुहल्लेवासियों ने ओपी का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. भीड़ हिरासत में लिये गये दोनों युवकों को छोड़ने की मांग कर रहे थे. इसी बीच भीड़ उग्र हो गयी और पथराव प्रारंभ कर दिया. इसके कारण भगदड़ होने लगी. भीड़ द्वारा की गयी रोड़ेबाजी में एक सिपाही नवलेश कुमार घायल भी हो गया. जिसके बाद पुलिस द्वारा बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया गया.
डीएम व एसपी ने किया कैंप:
स्थिति विस्फोटक होने के कारण पहले एएसपी हरिशंकर कुमार व कई थानों की पुलिस पहुंची. बावजूद जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुआ तो डीएम उदय कुमार सिंह व एसपी आशीष भारती मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया. देर रात तक अधिकारी पूरबसराय ओपी में कैंप किये रहे.
क्या था मामला : पूरबसराय ओपी शिव मंदिर मुहल्ला निवासी विजय प्रसाद गुप्ता का पुत्र सुबोध कुमार 27 फरवरी को एक शादी समारोह से वीडियोग्राफी कर लौट रहा था. शाहजुबेर रोड के समीप तीन-चार हथियारबंद युवकों ने सुबोध को रोक लिया और उससे मोबाइल, नकद रुपया व अन्य समान लूट लिया. इस संदर्भ में पीड़ित युवक ने पूरबसराय ओपी पुलिस को लिखित शिकायत की थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मो चुन्नु को हिरासत में ले लिया. इसी दौरान एक युवक ने विरोध किया. जिसके कारण उक्त युवक को भी हिरासत में ले लिया गया. जिसके बाद मामला ने तूल पकड़ लिया.
उपद्रवियों पर होगी प्राथमिकी:
शुक्रवार की रात भीड़ द्वारा जमकर उत्पात मचाया गया. पथराव में एक जवान भी घायल हो गया. पुलिस द्वारा उक्त जवान की शिकायत पर उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. पुलिस द्वारा भीड़ का खिंचवाये गये फोटो से उपद्रवियों की पहचान करायी जा रही है.