निरीक्षण. सफियाबाद हॉल्ट, रेलवे बोर्ड का मामला : डीआरएम
जमालपुर : पूर्व रेलवे के साहेबगंज लूपलाइन के पूर्ण दोहरीकरण दो वर्षों में पूरा हो जायेगा. इसके तहत जमालपुर रतनपुर के बीच बरियाकोल सुरंग के सामानांतर दूसरा सुरंग भी बनाया जायेगा, ताकि सुरंग में दोहरी रेल रेल लाइन बिछाया जा सके. मालदा के डीआरएम मोहित सिन्हा ने बुधवार को जमालपुर रेलवे स्टेशन पर इस बात की जानकारी दी.
वे रेलवे बोर्ड की बैठक में शामिल होकर दिल्ली से लौटने के क्रम में कुछ देर के लिए जमालपुर में रुके थे. उन्होंने कहा कि किऊल से साहेबगंज के बीच रेल लाइनों का दोहरीकरण आगामी वर्ष 2018 के अंत तक पूरा कर लिया जायेगा. इस दौरान वर्तमान में यहां जमालपुर तथा रतनपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित बरियाकोल सुरंग के समानांतर दूसरा सुरंग भी तैयार कर लिये जाने का लक्ष्य है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरंग निर्माण के कार्य में कांट्रैक्चुअल इश्यु के कारण अनावश्यक विलंब हो रहा है.
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सफियाबाद हॉल्ट का मामला सीधे रेलवे बोर्ड के क्षेत्राधिकार में आता है. कहा कि विकास के क्रम में जब शहर का विस्तार होता है तो इस प्रकार की परेशानी होती है और लोगों को लंबी दूरी तय कर स्टेशन पहुंचना पड़ता है. जमालपुर के नवनिर्मित बाइ-लेग के बारे में उन्होंने कहा कि उसमें कुछ तकनीकी बाधा आई है, जिसे दूर करने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर जारी है और जल्द ही उसे भी दूर कर ट्रेनों का सामान्य परिचालन आरंभ कराया जायेगा.
भागलपुर में होगा एलएचबी कोच का मेंटेनेंस
मालदा के मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि बुधवार से भागलपुर से एलएचबी कोच वाले रैक का परिचालन आरंभ हो चुका है. बुधवार को 22 एलएचबी कोच वाला रैक का पहली बार 12254 अप भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस में किया गया है. उन्होंने कहा कि एलएचबी कोच के मेंटेनेंस का कार्य भागलपुर में होगा. केंद्र सरकार ने रेल बजट में भागलपुर में इस कार्य का प्रावधान किया है. जैसे ही रेल बजट पारित होगा, वहां इस कोच के मेंटेनेंस के लिए आवश्यक संरचना जुटाने का कार्य भी आरंभ हो जायेगा.
डीआरएम ने जमालपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण भी किया. इस दौरान उन्होंने यार्ड का जायजा लिया. मुख्यालय से जमालपुर भेजे गये वाटर वेंडिंग मशीन को स्थापित करने के लिए संभावित स्थलों का भी जायजा लिया. एआरटी का निरीक्षण किया तथा संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि आवश्यकता पड़ने पर एआरटी समय पर उपलब्ध हो सकेगा. बाद में वे 13071 अप सुपर एक्सप्रेस से वे हावड़ा के लिए रवाना हुए. मौके पर एसएस सुधीर कुमार सिंह, टीआइ संजय कुमार इंस्पेक्टर परवेज खान मुख्य रूप से उपस्थित थे.
