जमालपुर : रेल नगरी जमालपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में रविवार को पूरी आस्था के साथ धार्मिक माहौल में पारंपरिक रूप से ज्योति पर्व दीपावली मनाई गई. राष्ट्रभक्त तत्वों के आह्वान पर इस दौरान चाइनीज सामग्रियों का कुछ हद तक बहिष्कार किया गया तथा लोगों ने मिट्टी के दीये जलाये. पुलिसिया चौकसी के बावजूद छक कर द्युत क्रीड़ा का लोगों ने आनंद उठाया.
लंबे समय के बाद ज्योतिपर्व के अवसर पर बिजली रानी भी लोगों पर मेहरबान रही. दीपावली के अवसर पर हालांकि प्रात: से ही खरीदारों की रौनक बाजारों में बनी रही, परंतु देर संध्या तक यह भीड़ देखी जाती रही. दीपदान के बाद पटाखों का दौर चला. लोगों ने एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी तथा मिठाइयां बांटी. इस बीच कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना के कोई खबर नहीं मिली.
