प्रचंड गरमी . चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलना हुआ दूभर
पारा पहुंचा 41 डिग्री तक पहुंचा
पिछले दो दिनों के तापमान में आयी गिरावट से लोगों को भले ही थोड़ी राहत मिली हो. किंतु मंगलवार को तापमान में अचानक वृद्धि ने पुन: लोगों का जीना मुश्किल कर दिया. तेज धूप के बीच गरम हवाओं के थपेड़े से जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं आमलोगों के साथ ही खेत खलिहान व पेड़ पौधे भी अब झुलसने लगे हैं.
मुंगेर : पिछले दो दिनों के तापमान में आयी गिरावट से लोगों को भले ही थोड़ी राहत मिली हो. किंतु मंगलवार को तापमान में अचानक वृद्धि ने पुन: लोगों का जीना मुश्किल कर दिया. तेज धूप के बीच गर्म हवाओं के थपेड़े से जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं आमलोगों के साथ ही खेत खलिहान व पेड़ पौधे भी अब झुलसने लगे हैं.
घर से निकलना हुआ मुश्किल . यूं तो पिछले दो दिनों से मौसम की नरमाहट से लोग काफी राहत महसूस कर रहे थे. किंतु मंगलवार को तापमान का पारा 38 डिग्री सेल्सियस से उठ कर सीधे 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. जिसके कारण लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल सा हो गया. धूप की प्रचंडता इतनी थी, मानों दहकते आग के बीच कोई गुजर रहा हो. हालांकि लोग जरूरी कार्य के लिए घर से बाहर निकलते तो जरूर दिखें. किंतु चिलचिलाती धूप से बचने के लिए वे अपने चेहरों को तौलिये व अन्य कपड़ों से ढ़के हुए थे.
आपदा विभाग ने गरमी पर किया अलर्ट .बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए आपदा विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग ने अप्रैल से जून तक भीषण गरमी की संभावना जतायी है. इस गरमी में खास कर स्कूली बच्चे व दैनिक मजदूर को काफी समस्याएं होगी. आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलाधिकारी को पत्र लिख कर कई महत्वपूर्ण दिशा- निर्देश दिये हैं.
