हवेली खड़गपुर : नगर के डीएवी पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र से निष्कासित परीक्षार्थी एवं उसके परिजनों ने शुक्रवार को डीएवी स्कूल के समीप सड़क जाम कर हंगामा किया. जाम के कारण खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग आधे घंटे तक जाम रहा. जाम की सूचना पर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सिंह एवं डीसीएलआर कुमार धनंजय व थानाध्यक्ष राजेश राय ने जाम स्थल पर पहुंचे और समझा-बुझा कर जाम हटवाया.
निष्कासित परीक्षार्थियों ने बताया कि बुधवार को पहले दिन परीक्षा के दौरान यह कहते हुए हमलोगों की कॉपी ले ली गयी कि तुम लोग कदाचार कर रहे हो. हमलोगों ने केंद्र पर मौजूद वीक्षकों से कॉपी लौटाने की बात कर कमरे में भी घेराव किया था तब जाकर कॉपी दे दी गयी. लेकिन जब आज हमलोग परीक्षा देने केंद्र पर आयी तो हमें निष्कासित किये जाने की बात सामने आयी और परीक्षा नहीं देने दिया गया. इसी बात को लेकर हमलोगों ने जाम किया. जाम की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने अभिभावक व परीक्षार्थी को समझा-बुझा कर जाम हटाया. तब जाकर आवागमन बहाल हो पायी.
