नियोजन सह मार्गदर्शन मेला में लगी अभ्यर्थियों की भीड़, मेला में 17 में से 15 नियोजक हुए शामिल
मुंगेर: जिला स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को प्रमंडल स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ कुंदन कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी आशीष आनंद, राजकुमार सरावगी, राजीव कुमार एवं डॉ मुकेश कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मेले […]
मुंगेर: जिला स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को प्रमंडल स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ कुंदन कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी आशीष आनंद, राजकुमार सरावगी, राजीव कुमार एवं डॉ मुकेश कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मेले में कुल 17 नियोजकों में से 15 ने भाग लिया. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आज वैश्वीकरण एवं उदारीकरण के समय में निजी क्षेत्रों का महत्व काफी बढ़ गया है. जिसके कारण निजी क्षेत्रों में नियोजन की संभावना अधिक है.
वहीं सरकारी क्षेत्रों में नियोजन के अवसर कम होते जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकारी क्षेत्रों में नियोजन की आशा में लगे रहना बेरोजगारों के लिए बड़ी भूल साबित होगी. जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि बेरोजगारों की भयावह स्थिति को देखते हुए सरकार ने इस बात को महसूस किया है कि निजी क्षेत्रों में नियोजन के अवसर उपलब्ध कराया जाय.
इसी क्रम में श्रम संसाधन विभाग द्वारा एक दिवसीय प्रमंडल स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मेले में भाग लेने वाले सभी नियोजक निजी क्षेत्र से हैं. इसलिए उनके चयन प्रक्रिया में सरकार का कोई भी हस्तक्षेप नहीं है. नियोजक अपनी आवश्यकता एवं मापदंडों के अनुरूप उम्मीदवारों का चयन कर सकते हैं.