मुंगेर: जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में विधान परिषद का चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. त्रि-स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों ने खुल कर मतदान में भाग लिया. खासकर महिला जनप्रतिनिधि मतदान को लेकर खासे उत्साहित थी. यही कारण रहा कि मतदान का प्रतिशत जिले में 91.32 तक पहुंच गया.
जमालपुर. विधान परिषद का चुनाव जमालपुर प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या 3 पर शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. यहां कुल 91.4 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. कुल 198 मतदाताओं में से 181 ने वोट डाले. केंद्र से वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई थी. यूं तो मतदान की प्रक्रिया प्रात: 08:00 बजे से ही प्रारंभ हुई. किंतु 08:20 बजे पहला वोट डाला. वार्ड संख्या 20 की पार्षद सावित्री देवी ने पहला वोट डाली. पीठासीन पदाधिकारी प्रीतम आनंद के नेतृत्व में चुनाव कार्य संपन्न हुआ. यहां एक मत पेटी के क्षतिग्रस्त रहने की सूचना पर सदर अनुमंडलाधिकारी डॉ कुंदन कुमार द्वारा प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंटों के सामने दूसरा बक्सा बदला गया. क्षतिग्रस्त मत पेटी संख्या बीआर-22-03338 के स्थान पर मत पेटी संख्या बीआर-28-06678 सौंपा गया.
बरियारपुर. बरियारपुर प्रखंड कार्यालय में विधान परिषद चुनाव का मतदान पीठासीन पदाधिकारी विद्यानंद राय एवं दंडाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. यहां कुल 175 मतदाताओं में से 159 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. गंगा पार दियारा क्षेत्र के दो पंचायत झौवा बहियार व हरिणमार के जनप्रतिनिधि ने भी अपना मतदान किया. मतदान को लेकर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था थी.
तारापुर. तारापुर प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदान के लिए जनप्रतिनिधियों की भीड़ लगी रही. क्षेत्रीय जदयू विधायक नीता चौधरी भी इसी मतदान केंद्र पर वोट डाले. यहां कुल 169 मतदाताओं में से 161 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 82 महिला व 79 पुरुष थे. चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया. इस केंद्र पर जदयू विधायक द्वारा आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला भी सामने आया. विधायक ने लाल बत्ती लगी गाड़ी से केंद्र पर पहुंच गयी. बाद में काफी हो-हंगामे के बाद उन पर तारापुर थाने में चुनाव आचार संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
धरहरा. धरहरा के मतदान केंद्र पर कुल 92.64 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले. 100 महिला व 89 पुरुष मतदाताओं की संख्या रही. हवेली खड़गपुर. 271 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. पीठासीन पदाधिकारी बीडीओ संजय कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी वसीम अहमद के नेतृत्व में मतदान शांतिपूर्ण रहा.
